भुता क्षेत्र के फैजनगर गांव में 22 वर्षीय युवक विशाल का शव तालाब किनारे मिला। वह पत्नी को मनाने ससुराल गया था और 10 दिन से लापता था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मौत का कारण रिपोर्ट से साफ होगा।
Uttarakhand: भुता थाना क्षेत्र के फैजनगर गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव के बाहर स्थित अमृत सरोवर तालाब के किनारे 22 वर्षीय युवक विशाल का शव पड़ा मिला। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परिजन भी वहां पहुंचे। बेटे का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया और मां-बाप बेसुध हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही भुता थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पत्नी को मायके से लाने गया था विशाल
परिजनों ने बताया कि विशाल 10 दिन पहले अपनी पत्नी मुस्कान को लेने उत्तराखंड के सितारगंज स्थित ससुराल गया था। करीब डेढ़ महीने पहले मुस्कान नाराज होकर मायके चली गई थी। विशाल इससे पहले भी दो बार पत्नी को मनाने गया, लेकिन हर बार उसे खाली हाथ लौटना पड़ा।
बताया गया कि विशाल तीसरी बार उम्मीद लेकर ससुराल गया था। उसे भरोसा था कि इस बार पत्नी और पांच महीने की बेटी को साथ लेकर लौट आएगा, लेकिन इसके बाद से ही उसका कोई पता नहीं चला। परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
परिजनों का आरोप

मृतक के पिता रिंकू का कहना है कि पत्नी से अलगाव और घरेलू तनाव के कारण विशाल काफी परेशान रहने लगा था। लगातार प्रयास के बावजूद जब पत्नी वापस नहीं आई तो वह गहरे तनाव में चला गया। परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक दबाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया हो सकता है।
हालांकि परिजनों ने यह भी कहा कि उन्हें अब तक समझ नहीं आ रहा कि विशाल अचानक गांव के बाहर तालाब किनारे कैसे पहुंचा। परिवार चाहता है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल शव पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत के कारणों को लेकर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और वजह है।
पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं और जरूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










