Asian Games 2026: बारिश में धुला फाइनल तो किसे मिलेगा गोल्ड? जानें नियम

Asian Games 2026: पुरुष क्रिकेट के फाइनल में बारिश के कारण मैच रद्द होने पर इस बार दोनों फाइनलिस्ट को गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। जानें बदले नियम की पूरी जानकारी

एशियन गेम्स में क्रिकेट के नियम इस समय चर्चा का विषय बन गए हैं। टूर्नामेंट के चारों क्वार्टरफाइनल मुकाबले बारिश के कारण रद्द हो गए, जिसके बाद ऊंची रैंकिंग वाली टीमों को बिना मैच खेले ही सेमीफाइनल में जगह मिल गई।

स्पोर्ट्स न्यूज़: एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट का नॉकआउट चरण बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लगातार खराब मौसम के कारण क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में खेल नहीं हो सका और चार टीमों को बिना गेंद खेले सेमीफाइनल में जगह मिल गई। ऐसे में अब क्रिकेट फैंस के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर 3 अक्टूबर को होने वाला गोल्ड मेडल मुकाबला भी बारिश की वजह से रद्द हो जाता है, तो विजेता कौन होगा?

इस सवाल का जवाब इस बार के नियमों में छिपा है। एशियन गेम्स 2026 में अगर पुरुष क्रिकेट का फाइनल पूरी तरह बारिश की भेंट चढ़ जाता है और मुकाबले का कोई नतीजा नहीं निकलता, तो दोनों फाइनलिस्ट टीमों को गोल्ड मेडल दिया जाएगा। यानी ऐसी स्थिति में किसी एक टीम को सिर्फ बेहतर रैंकिंग के आधार पर चैंपियन घोषित नहीं किया जाएगा।

बारिश ने चारों क्वार्टरफाइनल का बिगाड़ा खेल

28 सितंबर को भारत और अफगानिस्तान तथा पाकिस्तान और हॉन्गकॉन्ग के बीच क्वार्टरफाइनल मुकाबले खेले जाने थे। लेकिन लगातार बारिश और मैदान की खराब स्थिति के कारण दोनों मैचों में टॉस तक नहीं हो सका। इसके बाद बेहतर सीडिंग वाली भारत और पाकिस्तान की टीमों को सेमीफाइनल में प्रवेश मिला।

29 सितंबर को भी मौसम ने क्रिकेट का साथ नहीं दिया। श्रीलंका-नेपाल और बांग्लादेश-मलेशिया के मुकाबले भी बारिश के कारण प्रभावित हुए और दोनों मैचों के नतीजे नहीं निकल सके। इस तरह भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। यह स्थिति इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि अफगानिस्तान, नेपाल, मलेशिया और हॉन्गकॉन्ग ने प्रारंभिक चरण में मुकाबले खेलकर नॉकआउट दौर तक जगह बनाई थी। लेकिन क्वार्टरफाइनल में मौसम के कारण उन्हें मैदान पर अपनी दावेदारी साबित करने का अवसर नहीं मिला।

2023 में अलग था नियम

इस बदलाव को समझने के लिए 2023 एशियन गेम्स का उदाहरण महत्वपूर्ण है। हांगझोउ में भारत और अफगानिस्तान के बीच पुरुष क्रिकेट का फाइनल भी बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया था। अफगानिस्तान ने 18.2 ओवर में 112 रन बनाए थे, लेकिन भारत अपनी पारी शुरू नहीं कर सका। उस समय बेहतर सीडिंग के आधार पर भारत को गोल्ड और अफगानिस्तान को सिल्वर मेडल दिया गया था।

2026 के लिए फाइनल के नियम में बदलाव किया गया है। अब यदि गोल्ड मेडल मैच पूरी तरह धुल जाता है और कोई वैध परिणाम नहीं निकलता, तो दोनों फाइनलिस्ट संयुक्त रूप से स्वर्ण पदक हासिल करेंगे।

कितने ओवर के बाद मिलेगा मैच का नतीजा?

बारिश के कारण मुकाबला छोटा होने की स्थिति में भी मैच का परिणाम निकाला जा सकता है। मौजूदा नियमों के मुताबिक दोनों टीमों को कम से कम पांच-पांच ओवर खेलने का अवसर मिलना जरूरी है। यदि यह शर्त पूरी हो जाती है और बारिश के कारण आगे खेल संभव नहीं रहता, तो डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) पद्धति से लक्ष्य और परिणाम तय किया जा सकता है।

इसका मतलब है कि सिर्फ बारिश आने से दोनों टीमों को गोल्ड नहीं मिलेगा। अगर पर्याप्त ओवर खेले जा चुके हैं और DLS के जरिए विजेता तय किया जा सकता है, तो उसी टीम को गोल्ड मिलेगा जो मुकाबले में आगे होगी।

Leave a comment