बदरीनाथ धाम DJ विवाद: चमोली DM ने गढ़वाल स्काउट्स के कमांडिंग ऑफिसर को भेजा नोटिस

बदरीनाथ धाम में बिना प्रशासनिक अनुमति सांस्कृतिक कार्यक्रम और तेज साउंड सिस्टम के इस्तेमाल पर चमोली DM ने कर्नल शांतनु से स्पष्टीकरण मांगा है।

बदरीनाथ धाम में बिना प्रशासनिक अनुमति सांस्कृतिक कार्यक्रम और तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम के इस्तेमाल के मामले में चमोली DM ने गढ़वाल स्काउट्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल शांतनु से स्पष्टीकरण मांगा है।

गोपेश्वर: बदरीनाथ धाम में बिना सक्षम प्रशासनिक अनुमति बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन और तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने गढ़वाल स्काउट्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल शांतनु को नोटिस जारी किया है। नोटिस में कार्यक्रम की अनुमति, आयोजन के औचित्य और उच्च आवाज वाले साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

बदरीनाथ धाम में कार्यक्रम को लेकर DM ने मांगा जवाब

चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने गढ़वाल स्काउट्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल शांतनु को जारी नोटिस में बदरीनाथ धाम में आयोजित कार्यक्रम को लेकर कई बिंदुओं पर जवाब मांगा है। प्रशासन को विभिन्न संचार माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए कार्यक्रम की जानकारी मिली थी।

नोटिस के अनुसार, बदरीनाथ धाम में एक वृहद कल्चरल फेस्टिवल आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उच्च आवाज वाले साउंड सिस्टम का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी भी सामने आई।

धार्मिक गरिमा को लेकर प्रशासन ने जताई चिंता

जिलाधिकारी ने नोटिस में कहा कि बदरीनाथ धाम धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसकी धार्मिक एवं आध्यात्मिक गरिमा महत्वपूर्ण है। प्रशासन के अनुसार, धाम में इस तरह के सामूहिक आयोजन और तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम के इस्तेमाल से नियमित पूजा-अर्चना की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

नोटिस में यह भी कहा गया है कि ऐसे आयोजन से धार्मिक विद्वानों में अप्रसन्नता की स्थिति पैदा होने के साथ स्थानीय प्रशासन की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

अनुमति और DJ साउंड को लेकर इन सवालों का देना होगा जवाब

कमांडिंग ऑफिसर से पूछा गया है कि बदरीनाथ धाम में इस प्रकार के कार्यक्रम के आयोजन का क्या औचित्य था। साथ ही प्रशासन ने यह भी स्पष्ट करने को कहा है कि आयोजन से पहले सक्षम स्तर से आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं।

इसके अलावा कार्यक्रम में उच्च आवाज वाले साउंड सिस्टम के इस्तेमाल के कारणों का भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। जिलाधिकारी ने भविष्य में इस तरह के आयोजन की पुनरावृत्ति नहीं होने देने के निर्देश भी दिए हैं।

Leave a comment