बांसवाड़ा-जयपुर नेशनल हाईवे-56 पर ऑटो और ट्रक की टक्कर में तीन साल के मासूम सहित देवरानी-जेठानी की मौत हो गई। हादसे में चार लोग घायल हैं, जिनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Rajasthan: रविवार देर शाम बांसवाड़ा–जयपुर नेशनल हाईवे-56 पर सुरपुर स्कूल के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ऑटो और आयशर ट्रक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
सदर थाना पुलिस के अनुसार, हादसे में ऑटो में सवार सात लोग घायल हुए थे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले बांसवाड़ा के अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को उदयपुर रेफर किया गया।
मासूम की मौके पर मौत
इस हादसे में सबसे पहले तीन वर्षीय मासूम हितेष की मौके पर ही मौत हो गई थी। बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इसके बाद सोमवार को उदयपुर में इलाज के दौरान दो महिलाओं की भी मौत हो गई। मृत महिलाओं की पहचान 30 वर्षीय सविता पत्नी बहादुर मईड़ा और 32 वर्षीय दीपिका पत्नी विकास मईड़ा के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि सविता और दीपिका आपस में देवरानी-जेठानी थीं और एक ही परिवार से संबंधित थीं। दोनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम का माहौल है और गांव में शोक की लहर फैल गई है।
चार घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल चार अन्य लोगों का इलाज अभी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि कुछ की स्थिति में सुधार हो रहा है। पुलिस लगातार घायलों और उनके परिजनों से संपर्क में है।
सदर थाना के उप निरीक्षक रामलाल ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा। पुलिस ने ट्रक चालक से भी पूछताछ शुरू कर दी है।












