रोहिणी आचार्य ने अपने पोस्ट और वीडियो में आलोचकों को चुनौती दी, बेटी की किडनी को लेकर कटाक्ष किया और समाज को किडनी दान करने की प्रेरणा दी। तेज प्रताप यादव ने उनका समर्थन किया।
Bihar: लालू परिवार में बढ़ती दरार के बीच, रोहिणी आचार्य ने मंगलवार को एक वीडियो और लंबा पोस्ट शेयर कर हलचल मचा दी है। उन्होंने अपने पोस्ट में लालू प्रसाद के नाम पर सहानुभूति जताने वालों को चुनौती दी और कहा कि जरूरतमंदों को किडनी दान करना चाहिए। उन्होंने आलोचकों और उपदेश देने वालों पर कटाक्ष करते हुए खुली बहस की भी चुनौती दी।
वीडियो और पोस्ट के जरिए खुली बहस की चुनौती
रोहिणी आचार्य ने अपने पोस्ट में लिखा कि जो लोग लालू जी के नाम पर कुछ करना चाहते हैं, उन्हें झूठी सहानुभूति छोड़कर हॉस्पिटल्स में अपनी अंतिम सांसें गिन रहे लाखों-करोड़ों गरीब लोगों को अपनी किडनी देने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि किडनी दान की महत्ता को समझते हुए लालू प्रसाद के नाम पर यह योगदान दिया जा सकता है।
उन्होंने अपने पिता को किडनी देने वाली बेटी को गलत ठहराने वालों को चुनौती दी। रोहिणी ने कहा कि अगर किसी में हिम्मत है तो वे उस बेटी से खुले मंच पर खुली बहस करें। उन्होंने कटाक्ष करते हुए लिखा कि जिन लोगों ने बेटी की किडनी को गंदा बताया, उन्हें खुद पहले किडनी देने की पहल करनी चाहिए।
आलोचकों पर सख्त निशाना
![]()
रोहिणी आचार्य ने पोस्ट में पत्रकारों, ट्रोलर्स और उन लोगों पर भी निशाना साधा जिन्होंने उन्हें सोशल मीडिया पर गालियां दी हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग एक बोतल खून देने पर भी अपने आप को कमजोर साबित करते हैं, वे किडनी देने पर उपदेश देने का अधिकार नहीं रखते।
तेज प्रताप यादव का समर्थन
लालू परिवार के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने अपनी बहन रोहिणी आचार्य का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि जो लोग रोहिणी आचार्य का अपमान कर रहे हैं, उन्हें इसके परिणाम भुगतने होंगे।
तेज प्रताप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "मैं अपनी बहन का अपमान किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं करूंगा। जयचंदों को अपने कुकर्मों की कीमत चुकानी होगी और इसके परिणाम भुगतने होंगे।"
उन्होंने आगे कहा कि रोहिणी के साथ जो कुछ हुआ, उसने उन्हें झकझोर कर रख दिया है। तेज प्रताप ने यह भी कहा कि अपने साथ हुए अपमान को उन्होंने बर्दाश्त किया, लेकिन अपनी बहन का अपमान सहन नहीं किया जा सकता।










