बांग्लादेश ने भारत के साथ अपने क्रिकेट संबंधों को सुधारने की दिशा में कदम बढ़ाया है। नई सरकार के गठन के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को पत्र लिखकर पुराने मजबूत संबंधों की याद दिलाई है और भारतीय टीम के बांग्लादेश दौरे का अनुरोध किया है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: इस साल टी-20 विश्व कप के दौरान भारत में खेलने से इन्कार करने वाले बांग्लादेश अब भारत के साथ अपने क्रिकेट संबंधों को सुधारने की कोशिश कर रहा है। नई सरकार के गठन के बाद Bangladesh Cricket Board ने BCCI को एक पत्र लिखा है। मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के समय भारत और बांग्लादेश के बीच संबंध काफी तनावपूर्ण हो गए थे, जिसका असर दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों पर भी पड़ा।
बीसीसीआई के आदेश के बाद Kolkata Knight Riders ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज Mustafizur Rahman का आईपीएल करार समाप्त कर दिया था। इसके बाद बीसीबी ने भारत में अपनी टीम को विश्व कप में नहीं भेजा। इस स्थिति के चलते, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन Jay Shah के नेतृत्व में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टी-20 विश्व कप में शामिल किया गया था।
BCB का पत्र और BCCI की प्रतिक्रिया
सूत्रों के अनुसार, BCB ने BCCI को पत्र लिखकर पुराने मजबूत क्रिकेट संबंधों का हवाला दिया और भारतीय टीम के बांग्लादेश दौरे की मांग की। हालांकि, बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला केंद्र सरकार की अनुमति पर निर्भर करेगा। बीसीसीआई का कहना है कि बिना सरकारी अनुमति के कोई दौरा तय नहीं किया जा सकता।
पिछले साल BCB ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भारतीय टीम को बांग्लादेश में मैच खेलने से रोक दिया था। इसके चलते, एशिया कप 2026 की मेजबानी को लेकर भी असमंजस पैदा हो गया है। अगर भारतीय टीम वहां नहीं जाएगी, तो टूर्नामेंट को दुबई या श्रीलंका में शिफ्ट करने पर विचार किया जा सकता है।
![]()
विवाद की जड़: मुस्ताफिजुर रहमान और टी-20 विश्व कप
पिछले साल आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को खरीदा था। बांग्लादेश में इस पर तीखी आपत्ति हुई। इसके बाद BCCI ने केकेआर को मुस्ताफिजुर का करार समाप्त करने का निर्देश दिया। इस कदम से बांग्लादेश की तत्कालीन सरकार नाराज हो गई और BCB ने सुरक्षा कारणों से भारत में मैचों से इंकार कर दिया।
टी-20 विश्व कप में भारत में खेलने से इंकार करने के कारण ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया। हालांकि, ICC ने बांग्लादेश पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं लगाया और भविष्य में मेजबानी के अवसर देने का भरोसा दिया।
यूनुस सरकार के दौरान बिगड़े संबंध
मई 2025 में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड में नए अधिकारियों की नियुक्ति हुई, जिसमें अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने पदभार संभाला। बुलबुल के कार्यकाल में BCB ने भारत में खेलने से इनकार किया और पाकिस्तान के साथ मिलकर टूर्नामेंट बहिष्कार का रुख अपनाया। हालांकि पाकिस्तान बाद में भारत के खिलाफ मैच खेला, लेकिन बांग्लादेश को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ।
बांग्लादेश में तारिक रहमान की नेतृत्व वाली BNP सरकार आने के बाद खेल मंत्री अनीमुल हक ने भारत के साथ संबंध सुधारने की पहल शुरू की। उन्होंने भारत के उप उच्चायुक्त से मुलाकात कर कूटनीतिक बातचीत के माध्यम से क्रिकेट विवादों को हल करने की बात कही। अनीमुल हक का मानना है कि पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखना जरूरी है और खेल को राजनीतिक विवादों से अलग रखा जाना चाहिए।










