अमेरिका-भारत व्यापार समझौते के तहत अमेरिकी टैरिफ 50% से घटाकर 18% किया गया। इससे निर्यातक कंपनियों और स्टॉक्स को फायदा होगा। Pharma, Chemicals, कपड़ा, ऑटो और IT सेक्टर में निवेश और कमाई के अवसर बढ़ेंगे।
Stock Buy: अमेरिका और भारत के बीच लंबे समय से अटकी हुई ट्रेड डील की घोषणा ने भारतीय शेयर बाजार और निर्यातक कंपनियों के लिए नए अवसर खोल दिए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने इस डील के तहत भारत से अमेरिका निर्यात होने वाले सामानों पर लगने वाला टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया। यह कदम मीडियम टर्म में भारत की आर्थिक ग्रोथ और बाहरी स्थिरता के लिए सकारात्मक माना जा रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस डील से बाजार में बेहतर पहुंच और टैरिफ को लेकर स्पष्टता मिलेगी। निर्यात बढ़ने की संभावना के साथ ही मेन्यूफैक्चरिंग सेक्टर और विदेशी निवेश में वृद्धि होने की उम्मीद है। दोनों देश अपनी सप्लाई चेन को सुरक्षित बनाने, चीन पर निर्भरता कम करने और स्ट्रेटेजिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं।
शेयर बाजार के लिए डील का महत्व
विशेषज्ञों का मानना है कि यह डील कंपनियों की कमाई और बाजार में स्पष्टता बढ़ाती है। खासकर उन कंपनियों के लिए जो निर्यात से जुड़ी हुई हैं। इस समझौते से भारत को उभरते बाजारों में सुरक्षित निवेश की जगह मजबूत करने का अवसर मिलेगा। ब्रोकरेज फर्म एक्सिस डायरेक्ट के अनुसार, इस डील को शॉर्ट टर्म के बजाय मीडियम टर्म के लिए पॉजिटिव माना जाना चाहिए। लगातार और प्रभावी अमल से भारत की निर्यात प्रतिस्पर्धा, मेन्यूफैक्चरिंग कैपेसिटी और वैश्विक एकीकरण में सुधार हो सकता है।
निवेशकों को ऐसे कंपनियों पर फोकस करना चाहिए जिनकी अमेरिका में मजबूत मौजूदगी है, जो बड़े स्तर पर विस्तार करने की क्षमता रखती हैं, नियमों और कानूनों का सही पालन करती हैं और जिनकी बैलेंस शीट मजबूत है।
1. Pharma और Healthcare सेक्टर
फार्मा सेक्टर को ट्रेड डील से धीरे-धीरे फायदा मिलने की संभावना है। भारतीय दवा कंपनियों की कुल आय का लगभग 30 से 40 प्रतिशत हिस्सा अमेरिका से आता है। टैरिफ में 700 आधार अंकों की कटौती से निर्यात पर कुल लागत दबाव कम होगा। अमेरिका के जेनेरिक दवा बाजार में भारतीय कंपनियों की प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति बेहतर होगी।
इससे वित्त वर्ष 2027–28 की कमाई के लिए स्पष्टता बढ़ेगी और निकट अवधि में वैल्यूएशन को सहारा मिलेगा। अमेरिका में अच्छी मौजूदगी रखने वाली दवा कंपनियां जैसे डॉ. रेड्डीज़, ऑरोबिंदो फार्मा, ल्यूपिन, सिप्ला, सन फार्मा, ज़ायडस लाइफसाइंसेज़ और डिवीज़ लैब्स इसका लाभ उठा सकती हैं।
2. Chemicals और Midcaps
केमिकल सेक्टर में भी अमेरिका के टैरिफ घटने से लाभ हो सकता है। यदि चीन पर टैरिफ उच्च बना रहता है तो उत्तर अमेरिकी सप्लाई चेन में भारतीय कंपनियों की स्थिति मजबूत होगी। यह स्थिति रुपये को भी सहारा दे सकती है और प्रमुख कच्चे माल की उपलब्धता बेहतर होगी। इससे आयातित कच्चे माल की लागत कम होगी।
केमिकल सेक्टर में आरती इंडस्ट्रीज़, यूपीएल, एसआरएफ, विनती ऑर्गेनिक्स और गुजरात फ्लोरोकेमिकल्स जैसी कंपनियों को फायदा हो सकता है। इन कंपनियों की अमेरिकी बाजार में अच्छी मौजूदगी है।
3. कपड़ा सेक्टर
कपड़ा और टेक्सटाइल सेक्टर के लिए भी डील सकारात्मक साबित हो सकती है। वेलस्पन लिविंग, गोकलदास एक्सपोर्ट्स, पर्ल ग्लोबल इंडस्ट्रीज़, केपीआर मिल, अरविंद, वर्धमान टेक्सटाइल्स, किटेक्स गारमेंट्स और इंडो काउंट इंडस्ट्रीज़ जैसी कंपनियों की आमदनी का बड़ा हिस्सा अमेरिका से आता है। टैरिफ कट से इनके निर्यात में सुधार होगा और मुनाफा बढ़ सकता है।
4. Automobiles
ऑटो पार्ट्स बनाने वाली कंपनियों के लिए अमेरिका एक अहम बाजार है। कुल निर्यात आय का करीब 25 से 30 प्रतिशत हिस्सा अमेरिका से आता है। टैरिफ में कटौती से निर्यात बाधाएं कम होंगी और लागत के लिहाज से प्रतिस्पर्धा बेहतर होगी। वैश्विक वाहन निर्माताओं की सप्लाई चेन में भारत की भूमिका मजबूत होगी।
हालांकि, बड़े वाहन निर्माता कंपनियों को इसका सीमित फायदा मिलेगा क्योंकि उनका सीधा निर्यात अभी कम है। इसके बावजूद स्टील स्ट्रिप्स व्हील्स लिमिटेड, संसेरा इंजीनियरिंग लिमिटेड, टाटा मोटर्स लिमिटेड, भारत फोर्ज और सोना बीएलडब्ल्यू जैसी कंपनियां लाभ उठा सकती हैं।
5. Information Technology
IT सेक्टर के लिए भी ट्रेड डील सकारात्मक संकेत देती है। बजट में घोषित नीतिगत कदमों से नियमों से जुड़ी अड़चनें कम होंगी। भारत की छवि वैश्विक IT और क्लाउड हब के रूप में मजबूत होगी। इससे कंपनियों के मुनाफे में स्थिरता आएगी और लंबी अवधि की वृद्धि के अवसर बढ़ेंगे।
विशेषज्ञों ने TCS, इंफोसिस, HCL टेक, विप्रो, टेक महिंद्रा और भारती एयरटेल (नेक्स्ट्रा डेटा सेंटर सब्सिडियरी) को इस डील से लाभान्वित होने वाली IT कंपनियों में शामिल किया है।








