बिहार सरकार ने मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट विधानसभा में पेश किया, जो महत्वाकांक्षी लक्ष्यों, सामाजिक कल्याण योजनाओं और औद्योगिक विस्तार पर केंद्रित है।
पटना: विधानसभा में मंगलवार को पेश वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट भले ही आकार में बहुत बड़ा न दिखे, लेकिन इसके व्यय प्रावधान राज्य के विकास के प्रति सरकार की गंभीर प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। आने वाले पांच वर्षों में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य तय करने की घोषणा से उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में सकारात्मक भविष्य की तस्वीर साफ नजर आती है। साथ ही, बजट में महिलाओं और अति गरीब वर्ग के कल्याण के लिए किए गए प्रावधान उन्हें बेहतर और सुरक्षित भविष्य का भरोसा देते हैं।
50 लाख करोड़ के निवेश का बड़ा लक्ष्य
वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने अपने बजट भाषण में घोषणा की कि अगले पांच वर्षों में बिहार में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का मानना है कि इससे औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। बजट में 2026-27 के लिए 14.88 प्रतिशत की विकास दर का अनुमान लगाया गया है, जो देश के कई राज्यों की तुलना में अधिक है।
बजट का एक बड़ा हिस्सा महिला सशक्तिकरण और गरीब परिवारों के उत्थान के लिए समर्पित है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना और लघु उद्यमी योजना को बजट में प्राथमिकता दी गई है। वित्त मंत्री ने बताया कि पिछले विधानसभा चुनाव से पहले 1.56 करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए थे। अब पात्र महिलाओं को उनके व्यवसाय के लिए अतिरिक्त दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना है।
इसके अलावा, जाति आधारित गणना में चिन्हित 94 लाख अति गरीब परिवारों को लघु उद्यमी योजना के तहत स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का मानना है कि इससे गरीबी उन्मूलन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
![]()
सात निश्चय-3: सबका सम्मान, जीवन आसान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के “सात निश्चय-3” कार्यक्रम को इस बजट का केंद्रीय आधार बनाया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य बिहार में प्रति व्यक्ति आय को अगले पांच वर्षों में दोगुना करना है। इसके तहत एक करोड़ रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों की भागीदारी होगी।इस पहल के अंतर्गत वृद्धजनों के लिए घर पर स्वास्थ्य सेवाएं, संपत्ति पंजीकरण की सरल प्रक्रिया और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को मजबूत करने का प्रस्ताव है।
बजट में औद्योगिक विकास के लिए कई बड़े प्रस्ताव शामिल किए गए हैं। इनमें बंद पड़ी चीनी मिलों को चरणबद्ध तरीके से पुनः चालू करना, नई चीनी मिलों की स्थापना और कौशल विकास कार्यक्रम के तहत 2,690 युवाओं को प्रशिक्षित करना शामिल है। इसके अलावा, अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर के तहत गया में आईएमसी फेज-2 का विकास, पटना के फतुहा में मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक पार्क और फिनटेक सिटी की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया है। सारण जिले के अमनौर में फार्मास्युटिकल पार्क विकसित किया जाएगा।
बिहार को पूर्वी भारत के नए टेक हब के रूप में विकसित करने की योजना है, जिसमें डिफेंस कॉरिडोर, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग पार्क, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर और मेगा टेक सिटी जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
घाटे का बजट और कर्ज का प्रावधान
बजट घाटे का है, जिसमें 1,143.19 करोड़ रुपये का राजकोषीय घाटा अनुमानित है। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 61,939.49 करोड़ रुपये का नया ऋण लेने का भी प्रावधान किया है। वित्त विभाग के अनुसार, राज्य का राजकोषीय घाटा सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) का 2.9 प्रतिशत रहेगा, जो निर्धारित सीमा से कम है। कुल देनदारी जीएसडीपी का 34.09 प्रतिशत अनुमानित है।
बजट में शिक्षा विभाग को सबसे अधिक आवंटन मिला है, जो सरकार की प्राथमिकता को दर्शाता है। इसके साथ ही स्वास्थ्य, शहरी विकास, कृषि रोडमैप, ईको-टूरिज्म और बेहतर कनेक्टिविटी पर भी विशेष जोर दिया गया है। सामाजिक कल्याण योजनाओं के लिए 7,724 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे गरीब, पिछड़े और वंचित वर्गों को सीधा लाभ मिलेगा।












