कांग्रेस नेता उदित राज ने बिहार चुनाव नतीजों को लेकर बड़ा और गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि राजद नेता तेजस्वी यादव चुनाव जीते नहीं, बल्कि उन्हें जिताया गया है।
पटना: बिहार चुनाव परिणामों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस बार कांग्रेस नेता उदित राज ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उदित राज का कहना है कि राजद नेता तेजस्वी यादव चुनाव जीते नहीं हैं, बल्कि उन्हें जीत दिलाई गई है। उनका दावा है कि बिहार में चुनाव पहले से तय था और मतगणना के दिन परिणामों में जानबूझकर बदलाव किया गया।
उदित राज के आरोप
मीडिया से बातचीत में उदित राज ने कहा, साफ तौर पर ये मैंडेट मैनिपुलेटेड है। अनफेयर है। रिजल्ट अनएक्सपेक्टेड है। निष्पक्ष चुनाव नहीं हुआ। बिहार में वोटों की डकैती की गई है। उदित राज ने आगे कहा कि मतगणना के दिन तेजस्वी यादव शाम तक पीछे चल रहे थे, लेकिन बीजेपी और चुनाव आयोग ने उन्हें जीत दिला दी ताकि कोई विवाद न खड़ा हो। उनका कहना था जैसे तेजस्वी यादव को इन्होंने जीता दिया। मैं कहूंगा वो खुद नहीं जीते हैं। अगर ऐसा नहीं किया गया होता, तो उन्हें भी हराया जा सकता था।
![]()
कांग्रेस नेता ने भविष्य की चुनाव प्रक्रिया और बीजेपी की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उदित राज का कहना है कि बीजेपी 2027 में वन नेशन वन इलेक्शन लागू करने की तैयारी में है और 2029 तक संविधान में बदलाव करके 400 सीटें लेने की रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा:
'अब आगे से जो चुनाव होंगे, वो पहले से फिक्स किए जाएंगे कि कितनी सीटें कौन सी पार्टी लेगी और कितनी छोड़नी हैं। यह चीन या रूस के मॉडल जैसा है जिसे भारत में लागू किया जा रहा है।'
उदित राज ने साफ कहा कि अगर यही प्रक्रिया जारी रही, तो भविष्य में लोकतंत्र की नींव पर खतरा बन सकता है।
चुनाव निष्पक्षता पर उठते सवाल
बिहार चुनाव में तेजस्वी यादव की जीत को लेकर उठ रहे सवालों ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। उदित राज ने जोर देकर कहा कि यह केवल राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि डिज़ाइन की गई जीत थी। उनका कहना है कि ऐसे कदम लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ हैं। चुनाव आयोग ने जानबूझकर परिणाम ऐसे तय किए कि कोई शोर-शराबा न करे। यह लोकतंत्र के लिए चिंताजनक संकेत है, उदित राज ने कहा।
हालांकि इस आरोप पर तेजस्वी यादव या राजद की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी तक सामने नहीं आई है। बिहार में नई सरकार का गठन और स्पीकर पद की बहस के बीच यह बयान राजनीतिक विवाद को और तेज कर सकता है।











