दरभंगा में 6 साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या से आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने सड़क जाम कर आगजनी और पत्थरबाजी की, जिसमें एसडीएम घायल हो गए। पुलिस ने 6 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है और शांति की अपील की है।
Bihar: यह दुखद घटना दरभंगा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, 6 साल की मासूम बच्ची शनिवार शाम से ही अचानक लापता हो गई थी। परिजन पूरी रात उसे आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहाँ तलाशते रहे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। देर रात गाँव के बाहर एक तालाब के किनारे झाड़ियों में कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर परिजन वहां पहुंचे।
जब उन्होंने पास जाकर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बच्ची का खून से लथपथ शव दीवार के पास पड़ा था। बच्ची के साथ हुई हैवानियत के निशान साफ दिख रहे थे और उसकी मौत हो चुकी थी।
सड़क पर उतरा जन-आक्रोश
रविवार सुबह जैसे ही यह खबर पूरे गाँव और आसपास के इलाकों में फैली, लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण दरभंगा के मुख्य मार्ग 'सुंदरपुर बेला मंदिर' के पास इकट्ठा हो गए और सड़क जाम कर दी। न्याय की मांग कर रही भीड़ धीरे-धीरे हिंसक हो गई।
![]()
प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी और एक ऑटो रिक्शा को आग के हवाले कर दिया। जब पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा, तो भीड़ ने उन पर भी पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस पथराव में एसडीएम विकास कुमार के पैर में गंभीर चोट आई है।
पुलिस का लाठीचार्ज
हालात इतने बेकाबू हो गए कि जिला प्रशासन को स्थिति संभालने के लिए 10 अलग-अलग थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुलिस के जवान सुरक्षा और व्यवस्था बहाल करने के लिए हाथों में पिस्टल लहराते भी नजर आए।
करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ा और यातायात बहाल करवाया। पूरे इलाके में अभी भी तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस गश्त कर रही है।
दोषियों की पहचान
पुलिस ने इस हिंसा और तोड़फोड़ को गंभीरता से लिया है। विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि घटना के वीडियो फुटेज और सीसीटीवी के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की गई है। पुलिस ने इस मामले में 30 नामजद और लगभग 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
रविवार देर रात सुंदरपुर बेला इलाके में सघन छापेमारी की गई, जिसका नेतृत्व एसडीएम और एसडीपीओ खुद कर रहे थे। इस छापेमारी में अब तक 6 युवकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी के साथ-साथ कानून हाथ में लेने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा।











