कोटा में अवैध बिल्डिंग डिस्मेंटल के दौरान इमारत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद प्रशासन हरकत में आया। सवाल उठ रहा है कि समय रहते कार्रवाई होती तो क्या यह जानलेवा हादसा टल सकता था।
Rajasthan: कोटा शहर में रेस्टोरेंट की इमारत गिरने का हादसा अचानक नहीं था, बल्कि यह लंबे समय से चल रही लापरवाही का नतीजा था। जानकारी के अनुसार, संबंधित बिल्डिंग में पिछले 10 से 15 दिनों से बिना किसी वैध अनुमति के डिस्मेंटल का काम चल रहा था। रेस्टोरेंट संचालक ने नगर निगम में निर्माण या बदलाव की अनुमति के लिए आवेदन जरूर किया था, लेकिन उसे स्वीकृति नहीं मिली थी।
इसके बावजूद काम लगातार जारी रहा। हैरानी की बात यह है कि इतने दिनों तक अवैध रूप से चल रहे इस कार्य को रोकने के लिए कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। न तो नगर निगम ने सख्ती दिखाई और न ही अन्य जिम्मेदार विभागों ने समय रहते हस्तक्षेप किया।
हादसे में गईं दो जानें
इस दर्दनाक हादसे में एक कोचिंग छात्र और एक नाबालिग की जान चली गई। वहीं दिल्ली स्पाइसी रेस्टोरेंट के संचालक जहांगीर गंभीर रूप से घायल हो गए। मलबे में दबने के कारण उनका एक पैर काटना पड़ा। जहांगीर चार बेटियों के पिता हैं और परिवार में वही अकेले कमाने वाले थे।
अब हादसे के बाद उनका रोजगार भी संकट में है। परिवार के सामने न सिर्फ इलाज का खर्च है, बल्कि भविष्य की आजीविका का सवाल भी खड़ा हो गया है। हादसे में कुल 9 लोग घायल हुए थे, जिनमें से कुछ को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
जल्दबाजी में मशीनों से हुआ डिस्मेंटल
![]()
बिल्डिंग डिस्मेंटल का काम करने वाले दिनेश लुहार ने हादसे के पीछे की सच्चाई बताई। उन्होंने कहा कि करीब 15–20 दिन पहले उन्हें इस बिल्डिंग का काम ऑफर किया गया था। रेस्टोरेंट संचालक चाहते थे कि काम 10 से 12 दिन में पूरा हो जाए। दिनेश ने साफ मना कर दिया था। उनका कहना था कि इतनी जर्जर हालत की बिल्डिंग को सुरक्षित तरीके से गिराने में कम से कम डेढ़ महीना लगता है।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी थी कि आसपास दूसरी इमारतें होने के कारण मशीनों का इस्तेमाल खतरनाक हो सकता है। इसके बावजूद पार्टी ने वायब्रेटर और भारी मशीनों से काम करवाया। मशीनों की कंपन से आसपास की इमारतें भी कमजोर हो गईं। यही जल्दबाजी और गलत तरीका इस बड़े हादसे की वजह बना।
पहले भी दिखे थे खतरे के संकेत
हादसे से 8–10 दिन पहले ही डिस्मेंटल के दौरान ड्रिल मशीन पीछे की बिल्डिंग में घुस गई थी। उस समय पड़ोसी बिल्डिंग मालिकों और स्थानीय लोगों ने विरोध किया और काम रुकवाया। लेकिन कुछ ही घंटों बाद फिर से काम शुरू कर दिया गया। हादसे वाले दिन भी बिल्डिंग में कंपन महसूस हो रहा था।
शनिवार रात करीब 9 बजे पहले थोड़ा मलबा गिरा। लोग खतरे को समझकर भागने लगे, लेकिन कुछ ही सेकंड में पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान कई लोगों को चोटें भी आईं।
हादसे के बाद कार्रवाई
हादसे के बाद प्रशासन हरकत में आया। नगर निगम ने आसपास की पांच अवैध इमारतों के मालिकों को नोटिस जारी कर दो दिन का समय दिया है। वहीं मुरादाबादी रेस्टोरेंट संचालक और बिल्डिंग मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी संचालक फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
डीएसपी योगेश शर्मा ने बताया कि कर्मचारी की शिकायत पर धारा 304 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर समय रहते अवैध काम रोका जाता, तो क्या दो लोगों की जान बच सकती थी? हादसे के बाद की कार्रवाई उन जिंदगियों को वापस नहीं ला सकती, जो इस लापरवाही की भेंट चढ़ गईं।










