हनुमानगढ़ का युवक पाकिस्तानी लड़की के प्रेम में साइबर ठगी गिरोह में फंसा, 3 करोड़ भेजे पाकिस्तान

हनुमानगढ़ का युवक पाकिस्तानी लड़की के प्रेम में साइबर ठगी गिरोह में शामिल हो गया। ठगी से करीब 3 करोड़ रुपये पाकिस्तान भेजे गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
हनुमानगढ़ का युवक पाकिस्तानी लड़की के प्रेम में साइबर ठगी गिरोह में फंसा, 3 करोड़ भेजे पाकिस्तान

हनुमानगढ़ का युवक पाकिस्तानी लड़की के प्रेम में साइबर ठगी करने लगा। उसने करीब 3 करोड़ रुपये पाकिस्तान भेजे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ा नेटवर्क उजागर किया है।

Rajasthan: हनुमानगढ़ जिले के डबलीराठान गांव में रहने वाला हरदीप सिंह पहली नजर में एक सामान्य युवक लगता था। लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि वह अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का अहम हिस्सा बन चुका था। दो साल पहले उसके परिवार के सदस्यों के पास पाकिस्तान से एक कॉल आया। 

इसी कॉल के बाद हरदीप का संपर्क पाकिस्तान की राबिया नाम की लड़की से हुआ। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और यह रिश्ता प्यार में बदल गया। राबिया ने हरदीप को अपने जाल में फंसाकर साइबर ठगी के काम में शामिल कर लिया।

साइबर ठगी से कमाई 

पुलिस के अनुसार, राबिया के कहने पर हरदीप ने भारत में साइबर ठगी शुरू की। ठगी से मिलने वाला पैसा वह अपने बैंक खाते में मंगवाता और फिर अलग-अलग तरीकों से पाकिस्तान भेज देता था। जांच में सामने आया कि करीब 3 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम उसने विभिन्न खातों के जरिए पाकिस्तान पहुंचाई।

यह पैसा ज्यादातर USDT क्रिप्टो करेंसी के जरिए ट्रांसफर किया गया। हरदीप को कुल ठगी की रकम का सिर्फ 15 प्रतिशत हिस्सा मिलता था, जबकि बाकी पैसा राबिया और उसके परिवार के पास जाता था। पुलिस का कहना है कि राबिया का पूरा परिवार इस साइबर ठगी में शामिल था।

भारत के नंबरों से लोगों को बनाया जाता था शिकार

हनुमानगढ़ का युवक पाकिस्तानी लड़की के प्रेम में साइबर ठगी गिरोह में फंसा, 3 करोड़ भेजे पाकिस्तान

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि पाकिस्तान में बैठा साइबर गिरोह भारत के व्हाट्सएप और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करता था। हरदीप ने राबिया को भारतीय नंबरों के ओटीपी देकर पाकिस्तान में ही वे नंबर चालू करवाए थे।

भारत के नंबर देखकर लोग आसानी से भरोसा कर लेते थे। इसी भरोसे का फायदा उठाकर NGO में मदद, सस्ते सामान की बिक्री, लोन और प्रोडक्ट ऑफर के नाम पर ठगी की जाती थी। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी विज्ञापनों के जरिए लोगों को जाल में फंसाया जाता था।

किराए के बैंक खातों से चलता था खेल

पुलिस की जांच में सामने आया कि हरदीप गांव के भोले-भाले मजदूर और गरीब लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते किराए पर लेता था। वह लोगों से कहता था कि उसका खाता बंद है और कुछ समय के लिए लेन-देन करना है। जानकारी के अभाव में लोग अपने खाते उसे दे देते थे।

इन खातों में अब तक 3 करोड़ 26 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन सामने आया है। हरदीप से जुड़े खातों पर देश के 14 राज्यों से 36 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।

भारी मात्रा में सामान बरामद

पीड़ित राजपाल की शिकायत के बाद पुलिस ने हरदीप को गिरफ्तार किया। जब पुलिस ने उसका मोबाइल फोन खंगाला तो पूरा नेटवर्क सामने आ गया। आरोपी पाकिस्तान जाना भी चाहता था और उसने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वीजा के लिए आवेदन किया था, लेकिन वीजा मंजूर नहीं हो सका।

पुलिस ने आरोपी के पास से 26 बैंक पासबुक, 8 चेकबुक, 18 एटीएम कार्ड, 8 सिम कार्ड, 3 मोबाइल फोन और पाकिस्तान से जुड़े कई दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस अब इस अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a comment