महाराष्ट्र में बीएमसी समेत अन्य नगर निगम चुनावों की तारीखों का ऐलान आज, सोमवार (15 दिसंबर) को हो सकता है। महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग शाम 4.00 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा है।
BMC Election 2025: महाराष्ट्र की राजनीति में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव 2025 समेत राज्य की अन्य नगर निगम और जिला परिषदों के चुनावों की तारीखों का ऐलान आज किया जा सकता है। महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग ने सोमवार, 15 दिसंबर को शाम 4 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है, जो मुंबई के सह्याद्री गेस्ट हाउस में आयोजित होगी।
राजनीतिक हलकों में यह लगभग तय माना जा रहा है कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में BMC चुनाव की तारीखों के साथ-साथ राज्य की 29 महानगरपालिकाओं और अन्य स्थानीय निकाय चुनावों का पूरा शेड्यूल घोषित किया जा सकता है।
3.5 साल से लंबित हैं नगर निकाय चुनाव
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में BMC समेत कई नगर निगमों और जिला परिषदों के चुनाव पिछले करीब साढ़े तीन साल से लंबित हैं। कोरोना महामारी, आरक्षण से जुड़े कानूनी विवाद और परिसीमन जैसी वजहों के चलते इन चुनावों में लगातार देरी होती रही है। अब राज्य निर्वाचन आयोग पर सभी स्थानीय स्वशासी संस्थाओं के चुनाव जल्द कराने का दबाव बढ़ गया है। इसी कड़ी में आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में इस ऐलान को लेकर हलचल तेज हो गई है। सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति के एक वरिष्ठ नेता ने संकेत दिए हैं कि चुनाव आयोग दोपहर के बाद किसी भी समय चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है। सभी प्रमुख राजनीतिक दल—बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट), एनसीपी (अजित पवार गुट), कांग्रेस और उद्धव ठाकरे गुट—अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।

एक ही चरण में हो सकते हैं 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव
सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र की सभी 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव एक ही चरण में कराए जा सकते हैं। इनमें मुंबई (BMC), पुणे, नागपुर, ठाणे, नासिक, औरंगाबाद (छत्रपति संभाजीनगर) जैसे बड़े शहर शामिल हैं। यदि तारीखों की घोषणा होती है, तो 15 दिसंबर के बाद राज्य में कभी भी आदर्श आचार संहिता लागू की जा सकती है, जिससे राजनीतिक गतिविधियों पर तुरंत असर पड़ेगा।
राज्य निर्वाचन आयोग की तैयारियों को देखते हुए यह कयास लगाए जा रहे हैं कि महानगरपालिका चुनावों के लिए मतदान जनवरी 2026 के दूसरे सप्ताह, यानी 12 से 15 जनवरी के बीच कराया जा सकता है। वहीं, मतदान के अगले ही दिन या कुछ ही दिनों में नतीजों की घोषणा की संभावना है। चुनाव आयोग मतदान प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, ईवीएम, मतदान कर्मियों और लॉजिस्टिक्स की तैयारियों में जुटा हुआ है।
महत्वपूर्ण बात यह है कि अदालत ने राज्य निर्वाचन आयोग को निर्देश दिए हैं कि सभी स्थानीय स्वशासी संस्थाओं के चुनाव 31 जनवरी 2026 तक पूरे किए जाएं। इसी वजह से आयोग पर समयसीमा के भीतर चुनाव कराने का दबाव है। इन निर्देशों के चलते यह लगभग तय माना जा रहा है कि जनवरी 2026 में ही सभी 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।











