जोधपुर में जमीन घोटाला, फर्जी मुख्तयारनामा से कब्जे की कोशिश नाकाम, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जोधपुर में जमीन घोटाला, फर्जी मुख्तयारनामा से कब्जे की कोशिश नाकाम, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जोधपुर पुलिस ने नगर विकास न्यास के पट्टाशुदा भूखंड के फर्जी दस्तावेज बनाकर अवैध बिक्री करने वाले मुकेश दिवाकर को गिरफ्तार किया। आरोपी ने फर्जी मुख्तयारनामा और विक्रय विलेख बनाकर कब्जा करने और धमकियां देने की कोशिश की।

Jodhpur: चौपासनी हाउसिंग बोर्ड की निवासी सुषमा माथुर ने 8 अक्टूबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका ग्राम चौपासनी, खसरा संख्या 114, सेक्टर-सी, शंकर नगर में पट्टाशुदा भूखण्ड है। यह भूखण्ड वैध रूप से नगर विकास न्यास जोधपुर द्वारा उनके नाम जारी किया गया था और मूल पट्टा उनके पास है।

सुषमा ने बताया कि आरोपी मुन्नाराम, खीवराज सिंह और मुकेश दिवाकर ने मिलकर उनके हस्ताक्षर का कूटरचित रूप बनाकर फर्जी आम मुख्तयारनामा तैयार किया। इसी के आधार पर उन्होंने फर्जी विक्रय विलेख तैयार कर भूखण्ड का अवैध उपविभाजन करवा लिया।

धमकियां देकर कब्जे की कोशिश

रिपोर्ट में सुषमा ने कहा कि आरोपी भूखण्ड पर झूठा स्वामित्व जताते हुए उन्हें और उनके परिवार को धमकियां दे रहे थे। उन्होंने भूखण्ड पर कब्जा करने की कोशिश भी की। हालांकि, उन्होंने कभी किसी के पक्ष में आम मुख्तयारनामा निष्पादित नहीं किया और न ही भूखण्ड बेचा।

पुलिस की जांच 

जोधपुर पुलिस ने अनुसंधान अधिकारी अनिल कुमार की देखरेख में मामले की जांच की। जांच में सामने आया कि आरोपी मुकेश दिवाकर पुत्र मदनलाल दिवाकर, मूल निवासी उदयपुर और वर्तमान निवासी जोधपुर, ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और भूखण्ड की अवैध बिक्री की।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आयुक्त जोधपुर के निर्देशानुसार फर्जी दस्तावेजों के जरिए भूखण्ड हड़पने की घटनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Leave a comment