सनी देओल की 'बंटवारा 1947' और इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' का 14 अगस्त को सिनेमाघरों में क्लैश हुआ था। दोनों ही फिल्मों का दर्शकों को लंबे समय से इंतजार था, लेकिन रिलीज के बाद इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' बॉक्स ऑफिस की सिकंदर बनकर उभरी।
Awarapan 2 vs Batwara 1947: इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ और सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ के बीच बॉक्स ऑफिस मुकाबला रिलीज के चौथे दिन भी जारी है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक ‘आवारापन 2’ ने भारत में 91 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है, जबकि ‘बंटवारा 1947’ की कुल कमाई करीब 28.50 करोड़ रुपये पहुंच गई है।
14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘आवारापन 2’ और ‘बंटवारा 1947’ के बीच बॉक्स ऑफिस पर सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। दोनों फिल्मों को लेकर रिलीज से पहले दर्शकों के बीच उत्सुकता थी, लेकिन शुरुआती चार दिनों के आंकड़ों में इमरान हाशमी की फिल्म स्पष्ट बढ़त बनाए हुए है।
‘आवारापन 2’ ने रिलीज के पहले ही दिन मजबूत शुरुआत की और ओपनिंग वीकेंड में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। दूसरी ओर, सनी देओल और प्रीति जिंटा स्टारर ‘बंटवारा 1947’ की शुरुआत अपेक्षाकृत धीमी रही। हालांकि दूसरे दिन फिल्म की कमाई में उछाल आया, लेकिन तीसरे दिन यह बढ़त बरकरार नहीं रह सकी।
‘आवारापन 2’ ने चार दिन में पार किया 90 करोड़ का आंकड़ा
इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ ने पहले दिन लगभग 22 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के साथ बॉक्स ऑफिस पर खाता खोला। इसके बाद दूसरे दिन फिल्म की कमाई बढ़कर 33.75 करोड़ रुपये हो गई। तीसरे दिन फिल्म ने करीब 26.25 करोड़ रुपये जुटाए। इस तरह रिलीज के पहले तीन दिनों में फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 81.75 करोड़ रुपये पहुंच गया था।
चौथे दिन सोमवार को भी फिल्म ने अपनी मजबूत रफ्तार बरकरार रखी। रात करीब 10:30 बजे तक सामने आए शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने चौथे दिन लगभग 9.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही ‘आवारापन 2’ का भारत में कुल नेट कलेक्शन करीब 91 करोड़ रुपये हो गया। चौथे दिन फिल्म की ऑक्यूपेंसी करीब 21 प्रतिशत दर्ज की गई। अंतिम आंकड़ों में बदलाव संभव है।

‘बंटवारा 1947’ की कमाई 28.50 करोड़ के करीब
सनी देओल और प्रीति जिंटा की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ ने बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत की। फिल्म ने पहले दिन करीब 5.75 करोड़ रुपये कमाए। दूसरे दिन कलेक्शन में सुधार हुआ और फिल्म ने 13.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। हालांकि तीसरे दिन, यानी रविवार को फिल्म की कमाई फिर घटकर करीब 7.25 करोड़ रुपये रह गई। इस तरह पहले तीन दिनों में ‘बंटवारा 1947’ ने कुल 26.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया।
चौथे दिन सोमवार को शुरुआती आंकड़ों के अनुसार फिल्म ने रात करीब 10:30 बजे तक लगभग 2 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन करीब 28.50 करोड़ रुपये हो गया। चौथे दिन इसकी ऑक्यूपेंसी लगभग 11 प्रतिशत रही।
‘आवारापन 2’ और ‘बंटवारा 1947’ में क्या है अंतर?
‘आवारापन 2’ साल 2007 में रिलीज हुई चर्चित फिल्म ‘आवारापन’ की अगली कड़ी है। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी, शबाना आजमी और पूरन गब्बी अहम भूमिकाओं में हैं। इसका निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है, जबकि निर्माण विशेष भट्ट फिल्म्स के बैनर तले हुआ है। वहीं ‘बंटवारा 1947’ का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है और आमिर खान इसके निर्माता हैं। फिल्म में सनी देओल मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, करण देओल और अली फजल जैसे कलाकार नजर आते हैं।










