संसद का बजट सत्र 2026 28 जनवरी से शुरू होने जा रहा है। इसके मद्देनज़र मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में एक सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्र सरकार ने सभी राजनीतिक दलों को आमंत्रित कर सत्र से पहले विचार-विमर्श किया।
नई दिल्ली: संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होने जा रहा है। इसके पहले मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में एक सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने बताया कि केंद्र सरकार बजट सत्र से पहले सभी राजनीतिक दलों के सुझाव सुनने के लिए तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दौरान होने वाली चर्चा संसदीय नियमों और प्रोटोकॉल के अनुसार ही होगी, ताकि कार्यवाही सुव्यवस्थित और नियमबद्ध तरीके से संपन्न हो सके।
सुझावों को सुनने के लिए सरकार तैयार
बैठक के दौरान किरेन रिजिजू ने कहा, सरकार हमेशा सुझावों को सुनने के लिए तैयार है। चर्चा संसदीय नियमों और प्रक्रिया के अनुरूप ही होनी चाहिए। बजट सत्र के दौरान नियमों का पालन होना चाहिए और बहस केवल बजट विषयों तक सीमित रहनी चाहिए।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विपक्ष के लगातार हंगामे से सत्र की कार्यवाही प्रभावित होती है, जिससे संसद का उद्देश्य पूरा नहीं हो पाता।
रिजिजू ने आगे कहा, “राष्ट्रपति संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस होगी, जिसमें सभी दल हिस्सा लेंगे। हम सभी सुझावों का स्वागत करते हैं, लेकिन सदन में हंगामा नहीं होना चाहिए।
![]()
टीडीपी ने उठाए स्थानीय और राष्ट्रीय मुद्दे
बैठक में टीडीपी संसदीय दल के नेता लावु श्री कृष्ण देवरायलु ने अपनी पार्टी की ओर से कुछ महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने बैठक में तीन राष्ट्रीय मुद्दे और पांच आंध्र प्रदेश से जुड़े मुद्दे सरकार के सामने रखे। राष्ट्रीय मुद्दों में भारत के एफटीए समझौते, 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया नियम, और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और सुरक्षा संबंधित मामलों को शामिल किया गया।
आंध्र प्रदेश से जुड़े मुद्दों में अमरावती राजधानी विधेयक, राज्य की बुनियादी संरचनाओं और स्थानीय विकास परियोजनाओं पर चर्चा की गई।लावु श्री कृष्ण ने कहा कि इन मुद्दों पर सरकार की प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण होगी और वे चाहते हैं कि बजट सत्र में इन विषयों पर खुली बहस हो।
संसद में हंगामे से बचने की आवश्यकता
सरकार का जोर यह है कि सत्र के दौरान हंगामे से बचा जाए ताकि बजट और विकास संबंधी प्रस्तावों पर ध्यान केंद्रित किया जा सके। पिछले सत्रों में विपक्ष के हंगामे के कारण कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों की समीक्षा और पास होने में विलंब हुआ था। केंद्रीय मंत्रियों ने बैठक में यह भी जोर दिया कि सदन का उद्देश्य नीति निर्माण और बजट अनुमोदन होना चाहिए, और बहस का स्वरूप सकारात्मक और नियमों के अनुरूप होना चाहिए।











