तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुन लिया गया है। इसके साथ ही तेजस्वी यादव आधिकारिक रूप से पार्टी की कमान संभालेंगे और उसके राजनीतिक निर्णयों में प्रमुख भूमिका निभाएंगे।
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में बड़ा राजनीतिक बदलाव हुआ, जब तेजस्वी यादव को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। इस फैसले के साथ ही तेजस्वी आधिकारिक तौर पर पार्टी की कमान संभालने वाले नेता बन गए। इससे पहले यह जिम्मेदारी लालू प्रसाद यादव के पास थी, जिन्होंने 1997 में पार्टी की स्थापना के बाद लंबे समय तक इसे संचालित किया।
तेजस्वी के पदभार संभालने के तुरंत बाद उनकी बहन रोहिणी आचार्य ने पार्टी और भाई के नेतृत्व पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपने विचार साझा करते हुए पार्टी की वर्तमान स्थिति और नेतृत्व से जुड़ी कई गंभीर चिंताओं का खुलासा किया।
रोहिणी ने तेजस्वी के नेतृत्व पर उठाए सवाल
रोहिणी ने लिखा कि:
'जिसे जिम्मेदारी सौंपी गई उसने, उसके आयातित गुरु और उस गुरु के गुर्गों ने लालू जी व पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं के दशकों के संघर्ष को नजरअंदाज करते हुए पार्टी को बर्बादी की कगार पर खड़ा कर दिया। यह बात लोकसभा और हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों के नतीजों से भी स्पष्ट हो जाती है।'
उन्होंने सवाल उठाया कि पार्टी के लिए असली काम किसने किया और किसने पार्टी को कमजोर किया। रोहिणी का कहना है कि यह सवाल आज, कल और भविष्य में भी बार-बार उठेगा।
![]()
समीक्षा रिपोर्ट पर उठाए सवाल
रोहिणी ने समीक्षा प्रक्रिया और रिपोर्ट पर भी सवाल उठाया। उनका कहना है कि:
'समीक्षा के नाम पर जो दिखावा किया गया, उस पर अब तक क्या कार्रवाई हुई? समीक्षा रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं की गई और जिन लोगों पर सवाल उठे, उन पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?'
उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के सच्चे कार्यकर्ता और समर्थक इसी निष्पक्ष जवाबदेही की उम्मीद कर रहे हैं।
कठपुतली बने शहजादे पर तीखी टिप्पणी
25 जनवरी को तेजस्वी यादव के पदभार ग्रहण के दिन ही रोहिणी ने बिना किसी का नाम लिए अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने लिखा, सियासत के शिखर पुरुष की गौरवशाली पारी का एक तरह से पटाक्षेप, ठकुरसुहाती करने वालों और गिरोह-ए-घुसपैठ को उनके हाथों की कठपुतली बने शहजादा की ताजपोशी मुबारक।
इसमें उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की असली कमान उन फासीवादी विरोधियों के हाथों में चली गई है, जिन्हें लालूवाद को कमजोर करने का काम सौंपा गया था। रोहिणी ने आगे लिखा कि ऐसे लोग पार्टी में कब्जा जमाए बैठे हैं और अपने उद्देश्य में काफी हद तक सफल भी दिखते हैं। उनका यह बयान तेजस्वी और पार्टी नेतृत्व के लिए गंभीर चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।












