CDS जनरल अनिल चौहान ने पाकिस्तान को दी चेतावनी, कहा- ‘बयानबाजी से नहीं, एक्शन से जीती जाती है जंग’

CDS जनरल अनिल चौहान ने पाकिस्तान को चेतावनी दी। कहा, ‘बयानबाजी से नहीं, एक्शन से जंग जीती जाती है।’ भारत की सुरक्षा पर जोर। पाकिस्तान को संदेश: एक्शन ही सफलता

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने शनिवार को तेलंगाना के एयर फोर्स अकादमी, डुंडीगल में आयोजित ऑटम टर्म 2025 की कंबाइंड ग्रेजुएशन परेड की समीक्षा की।

नई दिल्ली: भारतीय सेना के प्रमुख, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान, ने तेलंगाना के एयर फोर्स अकादमी, डुंडीगल में आयोजित ऑटम टर्म 2025 की कंबाइंड ग्रेजुएशन परेड की समीक्षा करते हुए नए फ्लाइट कैडेट्स को प्रेरक और सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युद्ध केवल बयानबाजी और सोशल मीडिया प्रचार से नहीं जीते जाते, बल्कि स्पष्ट लक्ष्य, रणनीति और निर्णायक कार्रवाई से जीत हासिल होती है। पाकिस्तान पर अप्रत्यक्ष रूप से तंज कसते हुए CDS ने अपने वक्तव्य में यह स्पष्ट किया कि भारत की सेना हमेशा अलर्ट, फुर्तीली और तैयार रहती है।

युद्ध में कोई रनर-अप नहीं

CDS जनरल अनिल चौहान ने नए फ्लाइट कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा, "युद्ध में कोई रनर-अप नहीं होता। जितना हो सके, आपको हर वक्त तैयार रहना होगा। गलती की गुंजाइश जीरो है और लापरवाही की कीमत बहुत भारी होती है।" उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय वायु सेना में शामिल होने का यह समय एक नए नॉर्मल का हिस्सा है, जिसमें उच्च स्तर की ऑपरेशनल तैयारी और तत्परता आवश्यक है।

जनरल चौहान ने ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया और कहा कि ऑपरेशन्स की तीव्रता भले ही कम हो गई हो, लेकिन हमारी ताकत हर घंटे, हर दिन अलर्ट, फुर्तीले और तैयार रहने की क्षमता में है। जीत को आदत बनाना इस नए नॉर्मल का हिस्सा होना चाहिए। युद्ध भाषणों से नहीं, बल्कि मकसद वाले कामों से जीते जाते हैं।

कंबाइंड ग्रेजुएशन परेड: एयर फोर्स के नए सितारे

कंबाइंड ग्रेजुएशन परेड में भारतीय वायु सेना की अलग-अलग ब्रांचों के फ्लाइट कैडेट्स ने अपनी प्री-कमीशनिंग ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी की। इस अवसर पर CDS जनरल अनिल चौहान रिव्यूइंग ऑफिसर थे। उन्होंने कहा कि नए कैडेट्स न केवल भारत की सीमाओं की रक्षा करेंगे, बल्कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग और प्रशिक्षण के माध्यम से अन्य देशों के साथ सुरक्षा संबंधों को भी मजबूत करेंगे।

इस मौके पर वियतनाम के ट्रेनीज को भी ग्रेजुएट होने पर बधाई दी गई। CDS ने कहा कि वियतनाम की उपस्थिति भारत और वियतनाम के बीच विश्वास और दोस्ती के बंधन को मजबूत करती है। यह अंतरराष्ट्रीय सहयोग भारत की रक्षा नीति का अहम हिस्सा है।

पाकिस्तान को संदेश: एक्शन ही सफलता की कुंजी

जनरल चौहान ने पाकिस्तान पर अप्रत्यक्ष तंज कसते हुए कहा कि युद्ध खाली बयानबाजी से नहीं जीता जाता। उन्होंने स्पष्ट किया कि युद्ध का मूल मंत्र सटीक योजना और निर्णायक कार्रवाई है। यह संदेश नए कैडेट्स को यह समझाने के लिए भी था कि सुरक्षा और रणनीति में हर कदम पर सतर्क रहना आवश्यक है।उन्होंने कहा, आप एयर फोर्स में ऐसे समय में शामिल हो रहे हैं जब हर सेकंड महत्वपूर्ण है। चाहे ऑपरेशन की तीव्रता कम हो, या तकनीकी तैयारी बढ़ी हो, जीत की आदत और तत्परता नए नॉर्मल का हिस्सा होनी चाहिए।

 

Leave a comment