चाइनीज मांझे से घायल हुए व्यापारी की हालत फिलहाल स्थिर है। घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद खुलेआम बिक्री प्रशासन की लापरवाही दिखाती है।
Rajasthan: कोटा शहर में चाइनीज मांझे का खतरा एक बार फिर सामने आया है। सोमवार शाम बलिता रोड इलाके में एक युवक अचानक इस धारदार मांझे की चपेट में आ गया। युवक अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था, तभी ROB पुलिया के पास हवा में लटका चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में फंस गया।
मांझा इतना तेज था कि युवक की गर्दन कट गई और खून बहने लगा। जब उसने मांझे को हटाने के लिए हाथ बढ़ाया, तो उसकी दो उंगलियां भी बुरी तरह कट गईं। कुछ ही सेकंड में सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग यह देखकर घबरा गए कि मांझा किस कदर जानलेवा हो सकता है।
राहगीरों की सूझबूझ से बची युवक की जान
घायल युवक की पहचान मनन जैन के रूप में हुई है, जो श्रीअरिहंत ज्वेलर्स के प्रोपराइटर हैं। घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए युवक की मदद की। उन्होंने खून बहता देख तुरंत युवक को संभाला और पास के अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि युवक की गर्दन और उंगलियों में गहरे घाव हैं। इलाज के दौरान गर्दन और हाथों में करीब 15 से 20 टांके लगाए गए। डॉक्टरों के अनुसार समय पर इलाज मिलने से युवक की जान बच गई। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन कुछ दिन तक निगरानी में रखा जाएगा।
खुलेआम बिक रहा चाइनीज मांझा
घायल युवक के पिता ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि चाइनीज मांझा पहले भी कई लोगों को घायल कर चुका है, फिर भी इसकी बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। बाजारों और गली-मोहल्लों में यह मांझा आसानी से मिल जाता है, जबकि इस पर पूरी तरह प्रतिबंध है।
उन्होंने बताया कि यह मांझा सिर्फ इंसानों के लिए ही नहीं, बल्कि पक्षियों के लिए भी बेहद खतरनाक है। हर साल सैकड़ों पक्षी इसकी चपेट में आकर दम तोड़ देते हैं। परिवार ने बताया कि इससे पहले भी उनके एक रिश्तेदार के साथ ऐसा ही हादसा हो चुका है, लेकिन हालात आज तक नहीं सुधरे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि चाइनीज मांझे की बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पुलिस और नगर निगम को नियमित जांच अभियान चलाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।










