ChatGPT ने GPT Image 1.5 अपडेट के साथ इमेज जेनरेशन और एडिटिंग को ज्यादा तेज और सटीक बना दिया है। अब यूजर्स को अलग Images सेक्शन मिलता है, जहां एक साथ कई इमेज बनाना, एडिट करना और टेक्स्ट को ज्यादा क्लियर विजुअल रूप में देखना आसान हो गया है।
GPT Image 1.5 Update: OpenAI ने ChatGPT में इमेज जेनरेशन फीचर को अपग्रेड करते हुए GPT Image 1.5 लॉन्च किया है, जो फिलहाल वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर धीरे-धीरे रोलआउट हो रहा है। इस अपडेट के जरिए यूजर्स फोटो बनाना और एडिट करना ज्यादा आसानी से कर सकते हैं। नया Images सेक्शन अलग इंटरफेस के साथ पेश किया गया है, जिससे डिजाइनिंग और विजुअल क्रिएशन तेज हुआ है। कंपनी ने यह बदलाव यूजर फीडबैक के आधार पर किए हैं, ताकि इमेज क्वालिटी, टेक्स्ट क्लैरिटी और इस्तेमाल का अनुभव बेहतर बनाया जा सके।
GPT Image 1.5 में क्या बदला
GPT Image 1.5 को यूजर्स के फीडबैक के आधार पर डिजाइन किया गया है। अपडेट के बाद इमेज जेनरेशन में कम समय लगता है और दिए गए प्रॉम्प्ट को ज्यादा सटीकता से लागू किया जाता है। इससे फोटो एडिटिंग के नतीजे पहले की तुलना में ज्यादा नेचुरल नजर आते हैं।
कंपनी के मुताबिक, यह मॉडल लाइटिंग, लेआउट और चेहरों जैसी बारीक डिटेल्स को बिना अनावश्यक बदलाव के संभालता है। साथ ही, इमेज में जोड़ा गया टेक्स्ट अब पहले से ज्यादा क्लियर और पढ़ने योग्य दिखाई देता है।

अलग Images Section से बदला अनुभव
ChatGPT की वेबसाइट और मोबाइल ऐप में अब साइडबार में अलग से Images सेक्शन दिया गया है। इस टैब पर क्लिक करने पर यूजर्स को साधारण चैट की जगह एक विजुअल लेआउट मिलता है, जिसमें प्रॉम्प्ट बॉक्स के साथ इमेज स्टाइल और टेम्प्लेट भी दिखते हैं।
यह नया इंटरफेस खास तौर पर उन यूजर्स के लिए मददगार है, जो डिजाइन आइडिया ढूंढना चाहते हैं या अलग-अलग तरह की इमेज जल्दी तैयार करना चाहते हैं। इससे पहले इमेज प्रॉम्प्ट सामान्य चैट के साथ ही दिए जाते थे।
ChatGPT Images कैसे करें इस्तेमाल
GPT Image 1.5 का इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले ChatGPT ओपन करें और साइडबार में Images विकल्प पर जाएं। यहां से आप अपनी फोटो अपलोड कर एडिट कर सकते हैं या टेक्स्ट प्रॉम्प्ट देकर नई इमेज जेनरेट कर सकते हैं।
नया ग्राफिकल लेआउट यूजर्स को ज्यादा कंट्रोल देता है और इमेज क्रिएशन की प्रक्रिया को सरल बनाता है। यह अपडेट फिलहाल धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए रोल आउट किया जा रहा है।











