चित्रगुप्त नगर में हथियारबंद बदमाशों का आतंक, ज्वेलरी व्यापारी से 20 लाख के जेवर लूटे

चित्रगुप्त नगर में हथियारबंद बदमाशों का आतंक, ज्वेलरी व्यापारी से 20 लाख के जेवर लूटे
AI IMAGE

पटना के चित्रगुप्त नगर में हथियारबंद बदमाशों ने ज्वेलरी कारोबारी से 20 लाख के जेवर लूट लिए। विरोध करने पर फायरिंग की गई। पीड़ित सुरक्षित है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Bihar: यह घटना पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में राजेंद्र नगर मेन रोड के पास हुई। पीड़ित कारोबारी रवि कुमार ने बताया कि वह अपने पिता को रेलवे स्टेशन से रिसीव करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान हथियारबंद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया।

रवि कुमार मूल रूप से वैशाली जिले के हाजीपुर के रहने वाले हैं। हाजीपुर में उनकी सोने-चांदी की तीन दुकानें हैं। उनके पिता आभूषण लेने के लिए कोलकाता गए हुए थे और 18 जनवरी की सुबह दानापुर-हावड़ा एक्सप्रेस से राजेंद्र नगर टर्मिनल पहुंचे थे।

पिता के सामने ही शुरू हुई लूटपाट

पीड़ित के अनुसार, उनके पिता के पास दो बैग थे, जिनमें से एक बैग में करीब 20 लाख रुपये के जेवरात थे। उनके साथ एक कर्मचारी भी मौजूद था। जैसे ही वे स्टेशन से बाहर निकले, पहले से घात लगाए बदमाशों ने हथियार निकालकर लूटपाट शुरू कर दी।

जब रवि कुमार मौके पर पहुंचे और बदमाशों का विरोध किया, तो अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके बगल से गुजर गई, जिससे वे बाल-बाल बच गए। बदमाशों की उम्र 20 से 30 साल के बीच बताई जा रही है और सभी हेलमेट पहने हुए थे।

फायरिंग के बाद पिस्टल के बट से हमला

रवि कुमार ने बताया कि बदमाशों ने दूसरी बार भी फायरिंग करने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उनकी पिस्टल की मैगजीन नीचे गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पिस्टल के बट से रवि के सिर पर हमला कर दिया।

हमले के बाद बदमाश एक बैग लेकर मौके से फरार हो गए। दूसरा बैग उनके पास ही रह गया। घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही चित्रगुप्त नगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुँची। पीड़ित की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लूटे गए जेवरात की बरामदगी की जाएगी। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a comment