अंधेरे ने ली जान: कांकेर के NH-30 पर सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत

अंधेरे ने ली जान: कांकेर के NH-30 पर सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत

कांकेर के NH-30 पर कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार अरुण यादव की मौत हो गई। हादसा रतेसरा गांव के पास हुआ। ग्रामीणों ने अंधेरे और स्ट्रीट लाइट की कमी को हादसे की बड़ी वजह बताया है।

Chhattisgarh: यह सड़क हादसा 19 जनवरी की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच हुआ। जानकारी के अनुसार, कांकेर से चारामा की ओर जा रही एक कार और ग्राम रतेसरा से नेशनल हाईवे पर आ रही एक बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। 

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार व्यक्ति सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को बचाने का प्रयास किया।

अस्पताल ले जाते ही हुई मौत

सूचना मिलते ही चारामा थाना की पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल बाइक सवार को तत्काल चारामा अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान ग्राम बाबू दबेना निवासी अरुण यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

हाईवे किनारे अंधेरा बना हादसे की वजह

ग्रामीणों ने बताया कि जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वह गांव का मुख्य चौक है और नेशनल हाईवे-30 से जुड़ा हुआ है। इस जगह पर स्ट्रीट लाइट की कोई व्यवस्था नहीं है। शाम होते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों का अंदाजा नहीं लग पाता।

ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

स्ट्रीट लाइट लगाने की उठी मांग

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में रोष देखा गया। ग्रामीणों ने बताया कि वे कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से यहां स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन हर बार आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। 

इस ताजा हादसे के बाद ग्रामीणों ने फिर से मांग की है कि रतेसरा गांव के मुख्य चौक और हाईवे किनारे पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Leave a comment