पुराने Google Chrome वर्जन में गंभीर सुरक्षा खामियां पाई गई हैं, जिनसे यूजर्स साइबर हमले का शिकार हो सकते हैं। फर्जी वेबसाइट के जरिए हैकर्स सिस्टम में घुसपैठ कर सकते हैं। इससे बचने के लिए ब्राउजर को तुरंत अपडेट करना सबसे जरूरी और प्रभावी उपाय है।
Google Chrome Security Alert: भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने डेस्कटॉप पर Chrome इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए चेतावनी जारी की है, जहां Windows, macOS और Linux पर पुराने वर्जन सबसे ज्यादा जोखिम में हैं। हाल ही में सामने आई इन खामियों के जरिए हैकर्स फर्जी वेबसाइट लिंक के माध्यम से सिस्टम में घुसकर डेटा चोरी या मैलवेयर इंस्टॉल कर सकते हैं। एजेंसी ने यूजर्स को तुरंत ब्राउजर अपडेट करने की सलाह दी है ताकि संभावित साइबर हमलों से बचा जा सके।
पुराने Chrome वर्जन पर सबसे ज्यादा खतरा
CERT-In के अनुसार, Windows, macOS और Linux पर चल रहे पुराने Chrome वर्जन इस खतरे की जद में हैं। अगर ब्राउजर अपडेटेड नहीं है, तो यूजर अनजाने में साइबर हमले का शिकार हो सकता है।
इस तरह की कमजोरियां ब्राउजर के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद होती हैं, जिनका फायदा उठाकर हमलावर सिस्टम में सेंध लगा सकते हैं। इसलिए नियमित अपडेट को नजरअंदाज करना सीधे तौर पर जोखिम बढ़ाता है।
![]()
ऐसे होता है साइबर अटैक
इस खामी का फायदा उठाने के लिए हैकर्स को आपके डिवाइस तक सीधे पहुंचने की जरूरत नहीं होती। वे यूजर्स को किसी फर्जी या खतरनाक वेबसाइट पर क्लिक करने के लिए ट्रिक करते हैं।
जैसे ही यूजर उस लिंक को खोलता है, ब्राउजर की कमजोरी एक्टिव हो जाती है और बैकग्राउंड में अटैक शुरू हो सकता है। इसके जरिए हमलावर सिस्टम पर अपनी मर्जी का कोड चला सकते हैं।
क्या नुकसान हो सकता है और बचाव कैसे करें
इन खामियों का गलत इस्तेमाल होने पर हैकर्स आपके डिवाइस में मैलवेयर इंस्टॉल कर सकते हैं, पर्सनल डेटा चुरा सकते हैं या सिस्टम पर पूरा कंट्रोल हासिल कर सकते हैं। यह खतरा सिर्फ व्यक्तिगत यूजर्स ही नहीं, बल्कि कंपनियों और ऑफिस नेटवर्क्स के लिए भी गंभीर है।
इससे बचने का सबसे आसान तरीका है कि आप तुरंत अपने Google Chrome को लेटेस्ट वर्जन में अपडेट करें। Google ने इन खामियों को ठीक करने के लिए जरूरी सिक्योरिटी अपडेट जारी कर दिए हैं, जिनका इंस्टॉल होना बेहद जरूरी है।











