CUET UG 2026 परीक्षा आज से शुरू, NTA ने ड्रेस कोड और एग्जाम गाइडलाइंस जारी कीं

CUET UG 2026 परीक्षा आज से शुरू। NTA ने ड्रेस कोड, जरूरी दस्तावेज और परीक्षा केंद्र पर प्रतिबंधित वस्तुओं को लेकर गाइडलाइंस जारी कीं।

CUET UG 2026 परीक्षा 11 मई से देशभर में शुरू हो गई है। NTA ने परीक्षा से पहले ड्रेस कोड, जरूरी दस्तावेज और परीक्षा केंद्र पर प्रतिबंधित वस्तुओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

 New Delhi: CUET UG 2026 परीक्षा के लिए देशभर में लाखों छात्र आज से परीक्षा केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने उम्मीदवारों के लिए ड्रेस कोड, जरूरी दस्तावेज और परीक्षा के दौरान पालन किए जाने वाले नियमों को लेकर विस्तृत गाइडलाइंस जारी की हैं, ताकि एग्जाम के समय किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।

31 मई तक चलेगी देशभर की परीक्षा

कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट अंडरग्रेजुएट (CUET UG 2026) का आयोजन 11 मई से शुरू हो गया है। यह परीक्षा 31 मई 2026 तक विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस बार परीक्षा के लिए 15.68 लाख से अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।

परीक्षा शुरू होने से पहले NTA ने सभी उम्मीदवारों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एजेंसी ने साफ किया है कि परीक्षा केंद्र पर तय नियमों का पालन नहीं करने पर छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

परीक्षा केंद्र पर क्या ले जाने की अनुमति

NTA के अनुसार उम्मीदवार कुछ जरूरी वस्तुएं अपने साथ ले जा सकते हैं। इनमें पारदर्शी पानी की बोतल और एडमिट कार्ड शामिल हैं। धार्मिक प्रतीक चिन्ह या कलावा पहनने की अनुमति भी दी गई है, लेकिन इसके लिए छात्रों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचकर जांच प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

ड्रेस कोड को लेकर एजेंसी ने हल्के और आरामदायक कपड़े पहनने की सलाह दी है। जरूरत पड़ने पर छात्र ऊनी कपड़े भी पहन सकते हैं, हालांकि उन्हें अतिरिक्त जांच के लिए पहले पहुंचना होगा। सामान्य चप्पल, सैंडल या कम हील वाले जूते पहनना बेहतर माना गया है।

एडमिट कार्ड और हेल्पलाइन की जानकारी

NTA ने सभी उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड अनिवार्य रूप से साथ लाने की सलाह दी है। बिना एडमिट कार्ड के किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

जिन छात्रों ने अभी तक प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं किया है, वे CUET UG आधिकारिक वेबसाइटपर जाकर इसे डाउनलोड कर सकते हैं।

किसी भी समस्या या जानकारी के लिए छात्र NTA हेल्प डेस्क नंबर 011-40759000 या ईमेल आईडी [email protected] के जरिए संपर्क कर सकते हैं। एजेंसी ने छात्रों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से पहले सभी दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ लें ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की दिक्कत न हो।

Leave a comment