Datura Sale Ban: धतूरे की ऑनलाइन बिक्री पर कर्नाटक का बड़ा एक्शन, 3 कंपनियों के लाइसेंस सस्पेंड

Datura Sale Ban: कर्नाटक FDA ने जहरीले धतूरे के फल और बीजों की ऑनलाइन बिक्री पर Amazon, Swiggy Instamart और BigBasket के फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए।

कर्नाटक के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जहरीले धतूरे (Datura) के फल और बीजों की ऑनलाइन बिक्री के मामले में Amazon, Swiggy Instamart और BigBasket के फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं।

Datura Online Sale: कर्नाटक में जहरीले धतूरे के फल और बीजों की ऑनलाइन बिक्री को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्य के Food Safety and Drug Administration Department ने Amazon, Swiggy Instamart और BigBasket के फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। यह कार्रवाई इन प्लेटफॉर्म्स पर धतूरे के उत्पादों को खाद्य वस्तु के तौर पर सूचीबद्ध किए जाने की जांच के बाद की गई।

अधिकारियों के मुताबिक, जांच में ऐसे मामले सामने आए, जहां धतूरे के फल और बीजों को ऑनलाइन बिक्री के लिए इस तरह प्रदर्शित किया गया था कि उनके साथ FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नंबर भी दर्ज था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इसे गंभीर मामला मानते हुए संबंधित कंपनियों से जवाब मांगा और इसके बाद लाइसेंस निलंबन का आदेश जारी किया।

धतूरा क्यों माना जाता है खतरनाक?

धतूरा एक जहरीला पौधा है और इसके विभिन्न हिस्सों में ऐसे प्राकृतिक विषैले तत्व पाए जाते हैं, जो मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं। इसके फल और बीजों का गलत तरीके से सेवन विषाक्तता का कारण बन सकता है। इसी वजह से खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि धतूरे के फल और बीजों को मानव उपभोग के लिए खाद्य उत्पाद के रूप में बेचना या वितरित करना स्वीकार्य नहीं है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ऐसे उत्पादों की उपलब्धता को लेकर विभाग ने विशेष चिंता जताई।

कर्नाटक के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने ई-कॉमर्स और क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर धतूरे के उत्पादों की लिस्टिंग की जांच के आदेश दिए थे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को धतूरे के फल और बीजों के पैकेट मिले। इन पैकेट्स पर फूड लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज होने की बात सामने आई। कुछ उत्पाद वेयरहाउस में रखे मिले और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से ग्राहकों तक पहुंचने के लिए उपलब्ध थे।

विभाग ने इस स्थिति को खाद्य सुरक्षा के नजरिए से गंभीर माना, क्योंकि लाइसेंस नंबर के साथ किसी जहरीले पदार्थ की लिस्टिंग से उपभोक्ताओं के बीच यह भ्रम पैदा हो सकता है कि वह उत्पाद मानव उपभोग के लिए सुरक्षित या स्वीकृत है।

कंपनियों ने क्या जवाब दिया?

Datura Sale Ban: धतूरे की ऑनलाइन बिक्री पर कर्नाटक का बड़ा एक्शन, 3 कंपनियों के लाइसेंस सस्पेंड

सुनवाई के दौरान Amazon की ओर से कोई जवाब दाखिल नहीं किए जाने की जानकारी सामने आई। वहीं Swiggy Instamart ने नोटिस से संबंधित कार्रवाई के दस्तावेज जमा करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा। BigBasket ने विभाग को बताया कि उसने धतूरे के फलों की बिक्री रोक दी है। कंपनी ने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसे उत्पादों के लेबल पर स्पष्ट रूप से “NOT FOR HUMAN CONSUMPTION” यानी “मानव उपभोग के लिए नहीं” लिखा जाएगा।

हालांकि, खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण ने कंपनियों की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण और जवाबों को संतोषजनक नहीं माना। इसके बाद लाइसेंस निलंबित करने का फैसला लिया गया।

अगले आदेश तक लाइसेंस सस्पेंड

खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण के आदेश के मुताबिक Amazon, Swiggy Instamart और BigBasket के संबंधित फूड लाइसेंस अगले आदेश तक अस्थायी रूप से निलंबित रहेंगे। इन कंपनियों को धतूरे के फल और बीजों की मानव उपभोग के लिए बिक्री से संबंधित सभी ऑनलाइन लिस्टिंग और विज्ञापनों को तत्काल हटाने या निलंबित करने का निर्देश दिया गया है।

साथ ही कंपनियों को निर्धारित समय के भीतर अनुपालन रिपोर्ट जमा करने को कहा गया है। लाइसेंस की बहाली पर आगे की सुनवाई और प्राधिकरण के आदेश के बाद ही विचार किया जाएगा।

कार्रवाई केवल ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स तक सीमित नहीं रखी गई है। अधिकारियों ने इन प्लेटफॉर्म्स को धतूरे के उत्पाद उपलब्ध कराने वाले संबंधित सप्लायर्स और विक्रेताओं के फूड लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन की भी जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इससे स्पष्ट है कि खाद्य सुरक्षा विभाग इस मामले में सप्लाई चेन के स्तर पर भी जिम्मेदारी तय करने की कोशिश कर रहा है।

Leave a comment