दिल्ली ब्लास्ट मामले में खुफिया एजेंसियां जैश और PFI के संभावित संबंधों की जांच तेज कर रही हैं। वेस्ट यूपी और NCR में सक्रिय स्लीपर सेल की आशंका के बाद एजेंसियां नेटवर्क, फंडिंग और पुराने डोजियर की गहन पड़ताल कर रही हैं।
Delhi Blast Case: दिल्ली ब्लास्ट मामले में सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां जैश-ए-मोहम्मद और PFI के संभावित संबंधों की गहन जांच कर रही हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर NCR के कई इलाकों में सक्रिय स्लीपर सेल की आशंका ने एजेंसियों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है ताकि इन मॉड्यूल के नेटवर्क, ऑपरेटिंग सिस्टम और आतंकी संगठनों को मिले समर्थन की जानकारी साफ तौर पर सामने आ सके।
अचानक बढ़ी जैश की सक्रियता पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर
देशभर में जैश-ए-मोहम्मद की अचानक बढ़ी सक्रियता ने खुफिया एजेंसियों का ध्यान खींच लिया है। प्राथमिक जांच में संकेत मिले हैं कि जैश की यह सक्रियता पूरी तरह अकेली नहीं है। एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि प्रतिबंधित संगठन PFI की तरफ से जैश को किसी प्रकार का सहयोग तो नहीं मिल रहा है। इस कारण PFI और जैश के बीच संभावित लिंक की जांच तेज कर दी गई है।
सूत्र बताते हैं कि PFI के सदस्य प्रतिबंध लगने के बाद आधिकारिक गतिविधियों से पीछे हट गए हैं, लेकिन स्लीपर सेल की तर्ज पर गुप्त रूप से काम कर रहे हैं। दिल्ली में हुई आतंकी घटना में भी PFI की भूमिका को प्राथमिकता के साथ जांचा जा रहा है।
NCR और वेस्ट यूपी में स्लीपर सेल की सक्रियता का अंदेशा
खुफिया एजेंसियों की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार PFI का स्लीपर मॉड्यूल पश्चिमी उत्तर प्रदेश और NCR के कई जिलों में सक्रिय है। इससे पहले भी PFI के सदस्य आतंक से जुड़े मामलों और देश विरोधी गतिविधियों में पकड़े जा चुके हैं। इसी इतिहास के आधार पर एजेंसियां मौजूदा जांच को और व्यापक कर रही हैं।
PFI बैन होने के बाद सदस्य हुए अंडरग्राउंड
PFI पर प्रतिबंध लगने के बाद इसके कई सक्रिय सदस्य भूमिगत हो गए। अब खुफिया एजेंसियों के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी इन व्यक्तियों की निगरानी में जुट गई हैं। हरियाणा से लेकर दिल्ली और देशभर में खोजे जा रहे आतंकी नेटवर्क में यह स्पष्ट देखा गया कि कई गतिविधियां स्लीपर सेल मॉडल पर ही संचालित की जा रही थीं।
![]()
PFI का मूल टारगेट शुरुआती दिनों में केरल बताया जाता है, लेकिन बाद में यह संगठन तेजी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फैल गया जहां उसने अपना मजबूत नेटवर्क तैयार किया। यहां इसका नेटवर्क मतांतरण, युवाओं का ब्रेनवॉश, लव जिहाद और अन्य देश विरोधी गतिविधियों के संचालन में लगा रहा। पश्चिमी यूपी में PFI की कमान इसके प्रभारी परवेज के हाथ में थी।
खुफिया एजेंसियां पुराने डोजियर खंगालने में जुटीं
PFI और जैश के संभावित संबंधों की आशंका के बाद एजेंसियां पुराने डोजियर, गिरफ्तार आरोपियों के बयान, उनकी गतिविधियों और नेटवर्क में शामिल लोगों की फ़ाइलें खंगाल रही हैं। एजेंसियों को जानकारी मिली है कि संगठन पर बैन लगने के बाद भी फंडिंग रुकती नहीं है। केरल और दक्षिण भारत के कई जिलों से PFI को गुप्त फंडिंग पहुंचने के संकेत मिले हैं। छोटे मुस्लिम संगठन भी इसकी फंडिंग में भूमिका निभा रहे हैं।
पीएम मोदी और सीएम योगी के खिलाफ युवाओं को भड़का रहा है PFI
जांच में सामने आया है कि PFI मुस्लिम युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ भड़का रहा है। इसका उद्देश्य देश की अखंडता को कमजोर करना बताया जा रहा है।
पहले पकड़े गए PFI सदस्यों ने पूछताछ में स्वीकार किया था कि आरएसएस, पीएम मोदी और सीएम योगी की मजबूत मौजूदगी में PFI के बड़े षड्यंत्र सफल नहीं हो सकते। इसी कारण संगठन ने इन्हें बदनाम करने या अस्थिर माहौल बनाने की कोशिश में आतंकी संगठनों से हाथ मिलाने तक की रणनीति बनाई हो सकती है। इसी आधार पर एजेंसियां जैश की गतिविधियों को PFI से जोड़कर जांच कर रही हैं।
पश्चिमी यूपी का कलछीना गांव बना PFI का मुख्य केंद्र
मोदीनगर का कलछीना गांव पश्चिमी उत्तर प्रदेश में PFI का बड़ा केंद्र माना जाता है। यहां PFI का क्षेत्रीय प्रभारी परवेज रहता है और गांव में इसके 50 से अधिक सक्रिय सदस्य होने की जानकारी सामने आ चुकी है। कई सुरक्षा एजेंसियां यहां छापेमारी कर चुकी हैं लेकिन उन्हें हर बार स्थानिय लोगों के विरोध और सदस्यों की लोकेशन बदलने की वजह से सफलता नहीं मिल सकी।
CAA और NRC आंदोलन में भी सक्रिय रहा PFI
2019 में CAA और NRC के विरोध में हुए आंदोलनों में PFI की बड़ी भूमिका सामने आई थी। प्रदेश भर में हुए कई बवालों में PFI का नाम प्रमुखता से उभरा। मुरादनगर में हुए उपद्रव में परवेज के खिलाफ FIR भी दर्ज हुई।
उस दौरान जिन लोगों के नाम सामने आए थे, अब एजेंसियां उनकी गतिविधियों की भी दोबारा जांच कर रही हैं। कई व्यक्तियों पर FIR दर्ज हुई थी और बड़ी संख्या में लोगों को मुचलकों में पाबंद किया गया था। इन सभी की सूची को दोबारा खंगाला जा रहा है ताकि किसी भी संभावित कनेक्शन की पुष्टि की जा सके।











