धार्मिक कार्यक्रम बना मौका, अडूसा गांव में दिनदहाड़े ताले तोड़कर जेवर ले उड़ा बदमाश

कोटा के अडूसा गांव में धार्मिक कथा के दौरान घर सूना पाकर बदमाश ने ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पुलिस जांच में जुटी।
धार्मिक कार्यक्रम बना मौका, अडूसा गांव में दिनदहाड़े ताले तोड़कर जेवर ले उड़ा बदमाश

कोटा के अडूसा गांव में दिनदहाड़े मकान में चोरी हो गई। परिवार कथा सुनने गया था, इसी दौरान बदमाश ने ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Rajasthan: अडूसा गांव निवासी अशोक पोटर के घर बुधवार दोपहर चोरी की घटना हुई। पीड़ित ने बताया कि गांव में नरसी जी का मायरा की कथा चल रही थी। दोपहर करीब 2 बजे घर के सभी सदस्य कथा सुनने के लिए चले गए थे, जो घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर थी।

घर पर कोई मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश ने मकान को निशाना बना लिया। परिवार को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में उनके घर में चोरी हो जाएगी।

बेटा घर पहुंचा तो टूटा मिला ताला

लगभग 2:45 बजे जब पीड़ित का बेटा ट्यूशन जाने से पहले घर लौटा, तो गेट पर टूटा ताला देखकर वह चौंक गया। अंदर का नज़ारा देखकर साफ था कि सारा सामान बिखेर दिया गया था।

धार्मिक कार्यक्रम बना मौका, अडूसा गांव में दिनदहाड़े ताले तोड़कर जेवर ले उड़ा बदमाश

बेटा घबराकर तुरंत वापस कथा स्थल पहुंचा और परिवार को चोरी की जानकारी दी। इसके बाद सभी लोग जल्दबाजी में घर पहुंचे। अंदर देखा तो अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था और अलमारी में रखा सामान इधर-उधर फैला पड़ा था।

सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हुआ बदमाश

परिवार ने जांच की तो पता चला कि अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब हैं। चोरी हुए गहनों में पायजेब, मंगलसूत्र, चेन, बिछिया और अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं। बदमाश बेहद कम समय में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सांगोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पीड़ित परिवार ने थाने में चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे कैमरों और संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है।

दिनदहाड़े हुई इस चोरी से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान घर सूने रहने का फायदा बदमाश उठा रहे हैं। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपी को पकड़ने की मांग की है।

Leave a comment