पश्चिम बंगाल में तैनात सीकर के अग्निवीर करणसिंह राठौड़ का हार्ट अटैक से निधन हो गया। बुधवार को उनके गांव में 11 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा और सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
Sikar: बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे अग्निवीर करणसिंह राठौड़ की पार्थिव देह श्रीमाधोपुर थाने पहुंची। यहां से उनके सम्मान में थाने से पैतृक गांव कंचनपुर-जोरावरनगर स्थित राठौड़ों की ढाणी तक लगभग 11 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। रास्ते भर ग्रामीणों और युवाओं ने “भारत माता की जय” और “करणसिंह अमर रहें” के नारे लगाए।
जैसे ही तिरंगे में लिपटी पार्थिव देह गांव पहुंची, माहौल गमगीन हो गया। मां मुकेश कंवर बेटे को देखकर बेसुध हो गईं। बहन निकिता कंवर भाई को पुकारते हुए रोती रहीं। पिता दयाल सिंह राठौड़ ने हाथ जोड़कर अपने इकलौते बेटे को अंतिम नमन किया।
सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
अंतिम दर्शन के बाद करणसिंह की पार्थिव देह को घर से करीब 2 किलोमीटर दूर कंचनपुर गोशाला के पास स्थित मोक्ष धाम ले जाया गया। यहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
![]()
इस दौरान चार मासूम भतीजों ने अपने चाचा को मुखाग्नि दी, जिसे देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो उठा। सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया और शोक सलामी के साथ अग्निवीर को अंतिम विदाई दी गई।
ड्यूटी पर जाने से पहले आया हार्ट अटैक
सेना के सूबेदार करणा राम ने बताया कि 1 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे करणसिंह ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहे थे। वे खाना खाने वाले थे और उससे पहले बाथरूम गए। इसी दौरान उन्हें अचानक हार्ट अटैक आ गया।
साथी जवान तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। करणसिंह पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित बागडोगरा में 17 कॉर्प्स में तैनात थे। उसी शाम सेना के कमांडिंग ऑफिसर ने फोन कर परिवार को उनके निधन की सूचना दी थी।
सेना से जुड़ा परिवार
करणसिंह राठौड़ दिसंबर 2022 में भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए थे। वे अविवाहित थे और परिवार के इकलौते बेटे थे। उनका पूरा परिवार देश सेवा से जुड़ा हुआ है। पिता दयाल सिंह राठौड़ करीब 10 साल पहले सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। करणसिंह के दोनों चाचा वर्तमान में सेना में सेवा दे रहे हैं। उनकी बड़ी बहन निकिता कंवर सीमा सुरक्षा बल (BSF) में कार्यरत हैं।
परिजनों ने बताया कि करणसिंह ने अपने निधन से लगभग तीन घंटे पहले मां से फोन पर बात की थी और कहा था कि वे ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहे हैं और अभी खाना खाएंगे। इसके कुछ घंटों बाद आई दुखद खबर ने पूरे परिवार को तोड़ दिया।











