धनपुरी सनसनी: आरोपी ने मां के इनकार पर 7 साल के मासूम की हत्या कर शव खदान में फेंका

शहडोल के धनपुरी में आरोपी ने महिला के साथ रहने से इनकार पर 7 साल के बच्चे की हत्या कर शव को बंद कोयला खदान में फेंक दिया।

धनपुरी में मां के साथ रहने से इनकार पर आरोपी ने 7 साल के बच्चे की हत्या कर शव को बंद कोयला खदान में फेंक दिया। बच्चा 5 दिन से लापता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा किया।

Madhya Pradesh: शहडोल जिले के धनपुरी इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुरानी बस्ती निवासी मोइशीन का झिल्ली दफाई क्षेत्र में मजदूरी करने वाली एक महिला से लंबे समय से प्रेम संबंध था। आरोपी महिला के साथ रहना चाहता था, लेकिन महिला ने अपने दो बच्चों का हवाला देकर उसके साथ रहने से साफ इनकार कर दिया।

महिला का यह फैसला मोइशीन को स्वीकार नहीं हुआ। वह बच्चों को अपने रिश्ते में बाधा मानने लगा और इसी सोच ने उसे अपराध की राह पर धकेल दिया।

मासूम को बहला-फुसलाकर ले गया आरोपी

27 जनवरी को आरोपी ने अपनी प्रेमिका के 7 साल के बेटे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। बच्चे को किसी तरह का खतरा होने का अंदेशा नहीं था। आरोपी उसे बगैय्या नाला के पास स्थित एक बंद पड़ी कोयला खदान के इलाके में ले गया।

वहीं, आरोपी ने बच्चे का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को पास ही पानी से भरी खदान में फेंक दिया, ताकि किसी को शक न हो और मामला हादसा लगे।

5 दिन से लापता था बच्चा

बच्चे के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने 27 जनवरी को धनपुरी थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस लगातार बच्चे की तलाश कर रही थी। परिजनों ने भी अपने स्तर पर खोजबीन की और बच्चे को ढूंढने के लिए इनाम तक घोषित किया गया।

करीब पांच दिन बाद शुक्रवार को बगैय्या नाला स्थित बंद कोयला खदान में पानी में तैरता हुआ बच्चे का शव मिला। शव की हालत और घटनास्थल के हालात से साफ हो गया कि यह हादसा नहीं, बल्कि हत्या का मामला है।

पुलिस जांच में खुला पूरा राज

पुलिस ने शक के आधार पर मोइशीन को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह महिला के साथ रहना चाहता था और बच्चों को अपने रास्ते की रुकावट मानता था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दूसरे बच्चे को भी मारने की योजना बना रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। 

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह घटना समाज को झकझोरने वाली है और दिखाती है कि निजी रिश्तों में उपजा गुस्सा किस हद तक खतरनाक रूप ले सकता है।

Leave a comment