सतना में बाइक सवार युवक तार में फंसकर मौत का शिकार हुआ। हादसे में उसके दो मौसेरे भाई गंभीर रूप से घायल हुए। वे अपनी मौसेरी बहन की ससुराल जा रहे थे। पुलिस ने मिक्सर मशीन जब्त कर जांच शुरू की।
Madhya Pradesh: सतना के कोठी रोड पर गढिया टोला कब्रिस्तान के पास सोमवार रात लगभग 11 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। ठेकेदार का कर्मचारी ट्रैक्टर से एक भारी-भरकम मिक्सर मशीन सड़क के दूसरी ओर ले जा रहा था। मिक्सर को तार से बांधकर खींचा जा रहा था।
इसी दौरान सिविल लाइन की तरफ से बाइक पर आ रहे तीन युवक तार में उलझ गए और सड़क पर गिर पड़े। बाइक चला रहे रामजस (45) पुत्र रामकृपाल चौधरी की गर्दन तार में फंसने से कट गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
दो रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल

हादसे में रामजस के दो मौसेरे भाई-अरविंद (38) पुत्र रामसिपाही चौधरी और रामप्रसाद (40) पुत्र हरिदीन चौधरी-गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि तीनों मृतक और घायल युवक मौसेरी भाई हैं। वे अपनी मौसेरी बहन की ससुराल बगहा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। रामजस पहले से बाइक से सतना पहुंचा था, और वहां से अरविंद और रामप्रसाद के साथ मिलकर बगहा के लिए निकला था।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को मॉर्चुरी में रखवाया और ट्रैक्टर-मिक्सर मशीन जब्त कर ली। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि हादसा तार के असुरक्षित तरीके से खींचे जाने के कारण हुआ।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ठेकेदार और कर्मचारी से पूछताछ की जा रही है। हादसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की संभावना भी खंगाली जा रही है।










