दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तरी भारत में इस समय कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रभाव जारी है, लेकिन मौसम विभाग ने राहत की खबर दी है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में आगामी दिनों में फिर से बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
Weather Forecast: दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड जारी है, लेकिन दिन में कई जगह धूप निकलने से अधिकतम तापमान में थोड़ा इज़ाफा देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश जैसे उत्तरी राज्यों में शीतलहर का प्रकोप बना हुआ है। वहीं, कश्मीर, राजस्थान और कुछ अन्य क्षेत्रों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में मंगलवार को भी कड़ाके की ठंड का असर देखा गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले कुछ दिनों तक दोनों राज्यों में ठंडा मौसम बना रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में तापमान का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में बुधवार को हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय कई इलाकों में धुंध देखने को मिल सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6-8 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में धूप निकलने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा, 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जिससे ठंड में हल्की राहत मिलेगी।
पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड जारी है। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, इन राज्यों में आगामी दिनों तक ठंड बनी रहेगी।

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का दौर
शिमला स्थित मौसम केंद्र ने हिमाचल प्रदेश में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। कांगड़ा, मंडी, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी है।मौसम विभाग ने कहा कि बुधवार तक हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन बृहस्पतिवार से शनिवार तक राज्य में फिर से बर्फबारी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इसके पीछे एक और शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है, जो उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा।
जम्मू-कश्मीर में भी घाटी के अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 22-24 और 26-28 जनवरी के बीच बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। कुछ क्षेत्रों में भारी बर्फबारी भी हो सकती है, जिसका मुख्य प्रभाव 23 और 27 जनवरी को देखने को मिल सकता है।
राजस्थान में हल्की बारिश की संभावना
राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा। मौसम विभाग ने कहा कि 22 से 24 जनवरी के दौरान जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा, 23 जनवरी को बीकानेर, शेखावाटी, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग में आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 26-28 जनवरी के दौरान राजस्थान में फिर से बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तर-पश्चिमी भारत में समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 130 नॉट की सबट्रॉपिकल पछुआ जेट स्ट्रीम सक्रिय है। इसके अलावा, मध्य ट्रोपोस्फेरिक पछुआ हवाओं में 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर लगभग 65°E देशांतर और 32°N अक्षांश के पास ट्रफ मौजूद है। यह ट्रफ पश्चिमी विक्षोभ को प्रभावित करती है।













