दिल्ली के मध्य क्षेत्र स्थित सिंधु अपार्टमेंट में बुधवार शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। इस अपार्टमेंट में कई सांसदों के आवास हैं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
दिल्ली के मध्य क्षेत्र में स्थित सांसदों के सिंधु अपार्टमेंट में बुधवार (12 नवंबर) की शाम अचानक आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकल कर्मियों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया।
शुरुआती जांच में पता चला है कि आग की वजह बिजली बोर्ड में हुए शॉर्ट सर्किट से लगी। दिल्ली फायर डिपार्टमेंट के अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, आग से अपार्टमेंट के कुछ हिस्सों में नुकसान हुआ है। पुलिस और फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।
तेज रफ्तार में फायर टीम ने पाया नियंत्रण
दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित बाबा खड़क सिंह मार्ग पर बने सिंधु अपार्टमेंट में बुधवार रात अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह आग ग्राउंड फ्लोर स्थित बिजली बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से लगी थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और टीम ने तत्परता दिखाते हुए रात 9 बजकर 15 मिनट पर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मौके पर दमकल विभाग और पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पा लिया।
पिछले महीने भी भड़की थी आग
अक्टूबर में दिल्ली के संसद भवन के नजदीक ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट्स में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। बताया गया कि बेसमेंट में रखे लकड़ी के फर्नीचर में आसपास फोड़े गए पटाखों की वजह से आग लग गई थी, जो धीरे-धीरे विकराल रूप में फैल गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
उस दौरान फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंची थीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन बेसमेंट में रखे सामान को भारी नुकसान हुआ था।
स्थानीयों ने उठाए फायर डिपार्टमेंट पर सवाल
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड को कॉल करने के बावजूद उनकी टीम देर से पहुंची। लोगों का कहना था कि अगर दमकल की गाड़ियां समय पर पहुंच जातीं, तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता।
वहीं, फायर विभाग ने अपने बचाव में कहा कि सूचना मिलते ही टीम तुरंत रवाना हुई थी और स्थिति पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया। विभाग ने अपील की कि त्योहारों के दौरान लोग अतिरिक्त सावधानी बरतें ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।











