Pune

Air India AI180 फ्लाइट में तकनीकी खराबी, कोलकाता में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

Air India AI180 फ्लाइट में तकनीकी खराबी, कोलकाता में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई180 में तकनीकी खराबी के कारण एक अप्रत्याशित स्थिति उत्पन्न हो गई। मंगलवार को यह फ्लाइट कोलकाता हवाई अड्डे पर अपने निर्धारित ठहराव के दौरान पहुंची थी, लेकिन बाएं इंजन में तकनीकी खराबी के कारण उड़ान को रोकना पड़ा।

Air India: भारत की प्रमुख विमानन कंपनी एअर इंडिया एक बार फिर तकनीकी खामी के चलते सुर्खियों में है। सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही फ्लाइट AI180 में कोलकाता एयरपोर्ट पर निर्धारित ठहराव के दौरान तकनीकी खराबी सामने आने के बाद यात्रियों को विमान से उतारना पड़ा। यह घटना उस समय हुई जब देश में बीते दिनों कई फ्लाइट संबंधी घटनाओं के बाद हवाई यात्रा की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

क्या हुआ AI180 फ्लाइट के साथ?

AI180 फ्लाइट नियत समयानुसार सैन फ्रांसिस्को एयरपोर्ट से रवाना हुई थी और लगभग मंगलवार तड़के 12:45 बजे कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची। निर्धारित ठहराव के दौरान बाएं इंजन में तकनीकी खराबी का पता चला, जिसके चलते विमान के अगले चरण — यानी कोलकाता से मुंबई के सफर को फिलहाल स्थगित कर दिया गया।

फ्लाइट में बैठे 200 से अधिक यात्रियों को शुरुआत में सूचना नहीं दी गई। लेकिन लगभग चार घंटे बाद सुबह 5:20 बजे, यात्रियों को सूचित किया गया कि उन्हें सुरक्षा कारणों से विमान से उतारना होगा। फ्लाइट के कैप्टन ने यात्रियों को स्पष्ट किया कि यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए लिया गया है।

बीते दिनों की अन्य घटनाएं बढ़ा रहीं चिंता

AI180 की यह घटना पिछले कुछ दिनों में फ्लाइट से जुड़ी कई घटनाओं के बाद सामने आई है, जिससे यात्रियों में भय और असहजता का माहौल बनता दिख रहा है।

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा: कुछ दिन पहले अहमदाबाद से लंदन जा रही AI-171 फ्लाइट टेक-ऑफ के तुरंत बाद नियंत्रण खो बैठी और बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रावास से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में 241 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 230 यात्री और 11 क्रू सदस्य शामिल थे। केवल एक ब्रिटिश नागरिक इस दुर्घटना से जीवित बच सका।

हांगकांग-Delhi फ्लाइट की मिड-एयर टेक्निकल फेलियर: AI315 ड्रीमलाइनर, जो हांगकांग से दिल्ली आ रही थी, उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या के संदेह के चलते वापस लौटना पड़ा। यह फ्लाइट बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर से संचालित होती है, जिसे पहले भी तकनीकी परेशानियों के कारण आलोचना का सामना करना पड़ा है।

लंदन-चेन्नई फ्लाइट को करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग: ब्रिटिश एयरवेज की BA35 फ्लाइट, जो हीथ्रो से चेन्नई के लिए रवाना हुई थी, टेक-ऑफ के कुछ ही मिनटों में फ्लैप सिस्टम फेलियर का संकेत मिला। परिणामस्वरूप, विमान को लगभग 1 घंटा 45 मिनट तक हवा में चक्कर लगाना पड़ा ताकि ईंधन गिराकर वजन कम किया जा सके और सुरक्षित लैंडिंग हो सके।

लुफ्थांसा की फ्लाइट को बम की धमकी

लुफ्थांसा की हैदराबाद जा रही फ्लाइट LH752 को बम की धमकी मिलने के बाद फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर वापस लौटना पड़ा। जांच एजेंसियों को 15 जून की शाम 6:01 बजे ईमेल के माध्यम से धमकी मिली थी। SOP के तहत तुरंत सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल अपनाए गए और विमान को सुरक्षित उतारा गया। सऊदी अरब से जेद्दा के रास्ते लखनऊ पहुंची फ्लाइट के लैंडिंग के समय उसके पहियों से धुआं निकलता देखा गया। हालांकि, समय रहते ARFF (Airport Rescue & Fire Fighting) और सऊदी टीम की तत्परता ने किसी भी अनहोनी को टाल दिया।

Leave a comment