आमिर खान की फिल्म 'गजनी' की एक्ट्रेस असिन की शादी की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। ये तस्वीरें उनके ही हसबैंड राहुल शर्मा ने शेयर की हैं। शादी के 10 साल पूरे होने के मौके पर राहुल ने ये खास झलक फैंस के साथ साझा की।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: आमिर खान की फिल्म ‘गजनी’ से बॉलीवुड में पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस असिन ने अपनी शादी की अनदेखी झलक साझा कर फैंस का ध्यान खींचा है। असिन की ये तस्वीरें उनके पति राहुल शर्मा ने शादी की 10वीं सालगिरह के मौके पर शेयर की हैं। इसके साथ ही असिन ने अपनी बेटी की कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की, जिसमें वह रेत पर खेलती और कुछ लिखती नजर आ रही हैं।
राहुल शर्मा ने शेयर की शादी की यादें
असिन और राहुल शर्मा ने जनवरी 2016 में शादी की थी। इस साल दोनों की शादी को पूरे 10 साल पूरे हो गए। सालगिरह के मौके पर राहुल ने X (पहले ट्विटर) पर असिन के साथ शादी की एक अनदेखी तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर में असिन सफेद शादी के गाउन में खड़ी हैं और शरारती अंदाज में अपनी जीभ दिखा रही हैं। फोटो में उनकी कुछ सहेलियां भी नजर आ रही हैं।
इसके अलावा, राहुल ने रेस्टोरेंट में ली गई एक सेल्फी की तस्वीर भी साझा की, जिसमें वह और असिन टेबल पर बैठकर कैमरे की ओर पोज़ दे रहे हैं। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा,
'10 खुशनुमा साल… मेरी जान, दसवीं सालगिरह मुबारक हो। तुम मेरी लाइफ में मायने रखने वाली हर चीज़ की अद्भुत को-फाउंडर हो। मैं खुशकिस्मत हूं कि मुझे तुम्हारी जिंदगी में को-स्टार बनने का मौका मिला। आशा है तुम हमारे घर और मेरे दिल को तेजी से बढ़ते स्टार्टअप की तरह चलाओगी। मैं तुम्हारी जिंदगी के हर पल में तुम्हारे साथ रहूंगा। हमारे उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।'
असिन ने भी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर शादी की सालगिरह और परिवार की झलक साझा की। तस्वीरों में उनकी बेटी रेत पर खेलती हुई दिखाई दे रही है। वहीं, असिन और राहुल ने रेत पर अपने नाम के पहले अक्षर लिखे थे। उन्होंने कैप्शन में लिखा, 10 साल और आगे भी। इससे पता चलता है कि असिन और राहुल के बीच संबंध अब भी मजबूत और प्यार भरे हैं।

तलाक की अफवाहों पर असिन की सफाई
साल 2023 में असिन और राहुल की शादी को लेकर कई अफवाहें सामने आई थीं। सोशल मीडिया पर यह कहा जा रहा था कि असिन अपने बिजनेसमैन पति से तलाक लेने वाली हैं। दरअसल, असिन ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से राहुल के साथ सभी तस्वीरें डिलीट कर दी थीं, सिवाय एक के। हालांकि, असिन ने इन खबरों को पूरी तरह खारिज किया और बताया कि यह सब मनगढ़ंत है। उन्होंने फैंस से अपील की कि उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर अफवाहों पर ध्यान न दें।
असिन ने बॉलीवुड में ‘गजनी’ से कदम रखा और फिल्म में उनके अभिनय को खूब सराहा गया। इसके बाद उन्होंने कई हिट फिल्मों में काम किया, जिनमें ‘Ready’, ‘Housefull 2’, ‘Bol Bachchan’ और ‘Khiladi 786’ जैसी फिल्में शामिल हैं। असिन ने अपनी शादी के बाद फिल्मों से दूरी बनाई और परिवार पर ध्यान दिया।










