रोहित शर्मा और विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में हिस्सा लिया और दोनों ही दिग्गज बल्लेबाज तीनों मैचों में प्लेइंग-11 का हिस्सा रहे।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली सिर्फ खिलाड़ी नहीं, बल्कि एक भावनात्मक पहचान हैं। दोनों दिग्गज हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय जर्सी में नजर आए थे। इसके बाद से ही प्रशंसकों के मन में सवाल है कि अब Ro-Ko की जोड़ी दोबारा भारत के लिए कब और कहां खेलती दिखाई देगी।
न्यूजीलैंड सीरीज के बाद भारतीय टीम का फोकस टी20 क्रिकेट और आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर शिफ्ट हो गया है, जिससे यह तय हो गया है कि रोहित और कोहली को अब कुछ समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में देखने के लिए इंतजार करना होगा।
अब सिर्फ वनडे में खेलते हैं रोहित-कोहली
रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ही टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। फिलहाल वे केवल वनडे फॉर्मेट में ही भारतीय टीम का हिस्सा हैं। यही वजह है कि जब तक भारत वनडे सीरीज नहीं खेलेगा, तब तक दोनों खिलाड़ी भारतीय जर्सी में नजर नहीं आएंगे। हालांकि, फैंस के लिए राहत की बात यह है कि दोनों खिलाड़ी जल्द ही IPL 2026 में खेलते दिखाई देंगे।
रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस और विराट कोहली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ओर से मैदान में उतरेंगे। आईपीएल 2026 के मार्च में शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ कोहली चमके, रोहित रहे फीके
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट कोहली ने अपनी शानदार फॉर्म का प्रदर्शन किया। उन्होंने तीसरे वनडे में शानदार शतक जड़ा और पूरी सीरीज में कुल 240 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा। वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर चल रहे कोहली ने एक बार फिर साबित किया कि वे अब भी भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक हैं।
वहीं कप्तान रोहित शर्मा के लिए यह सीरीज खास नहीं रही। उन्होंने तीन मैचों में क्रमशः 26, 24 और 11 रन बनाए। रोहित की फॉर्म को लेकर सवाल जरूर उठे, लेकिन चयनकर्ताओं का भरोसा अब भी उनके अनुभव पर कायम है। हालांकि, इन दोनों दिग्गजों की मौजूदगी के बावजूद भारत को सीरीज में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।

अगले चार महीने भारतीय जर्सी में नहीं दिखेंगे Ro-Ko
न्यूजीलैंड सीरीज के बाद भारतीय टीम को पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है और फिर पूरा ध्यान टी20 वर्ल्ड कप पर रहेगा। चूंकि रोहित और कोहली टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं, इसलिए अगले करीब चार महीने तक वे भारतीय जर्सी में नजर नहीं आएंगे। इस दौरान फैंस उन्हें सिर्फ आईपीएल में खेलते हुए देख पाएंगे।
आईसीसी के Future Tours Programme (FTP) के अनुसार, भारतीय टीम का अगला बड़ा वनडे असाइनमेंट जुलाई 2026 में इंग्लैंड दौरा है। इस दौरे पर भारत को पांच टी20 और तीन वनडे मैच खेलने हैं। वनडे मैचों का कार्यक्रम इस प्रकार है:
- 14 जुलाई – बर्मिंघम
- 16 जुलाई – कार्डिफ
- 19 जुलाई – लॉर्ड्स
इन तीनों वनडे मुकाबलों में रोहित शर्मा और विराट कोहली के खेलने की पूरी संभावना है।











