गणतंत्र दिवस 2026: पंजाब सरकार की झांकी में दिखेगी श्री गुरु तेग बहादुर साहिब की शहादत

इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर पंजाब सरकार की झांकी में दिखाया जाएगा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब की शहादत। जानिए झांकी की थीम, संदेश और इतिहासिक महत्व।

26 जनवरी 2026 को कर्तव्य पथ पर पूरे देश की निगाहें गणतंत्र दिवस परेड पर होंगी, और इस बार पंजाब सरकार की झांकी सिर्फ एक दृश्य नहीं होगी, बल्कि यह मानवता, आस्था, बलिदान और सिख मूल्यों का जीवंत संदेश लेकर आएगी। 

नई दिल्ली: 26 जनवरी 2026 को कर्तव्य पथ पर जब पूरे देश की निगाहें गणतंत्र दिवस परेड पर होंगी, तब पंजाब सरकार की झांकी सिर्फ एक दृश्य नहीं होगी, बल्कि यह मानवता, आस्था, बलिदान और सिख मूल्यों का जीवंत संदेश लेकर सामने आएगी। यह झांकी उस पंजाब की आवाज है, जिसने हमेशा इंसानियत की रक्षा के लिए सबसे आगे खड़े होने की कीमत चुकाई है। भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब की मान सरकार ने इस बार गणतंत्र दिवस पर ऐसा विषय चुना है, जो न केवल सिख इतिहास की महान परंपरा का सम्मान करता है, बल्कि पूरे देश को यह भी याद दिलाता है कि भारत की आत्मा करुणा, सह-अस्तित्व और बलिदान में निहित है।

झांकी में दिखाई देगी सिख संस्कृति और बलिदान

झांकी को दो हिस्सों – ट्रैक्टर और ट्रेलर – में तैयार किया गया है। ट्रैक्टर के आगे बने हाथ का निशान मानवता, दया और भाईचारे का प्रतीक है। इसके साथ घूमता हुआ ‘एक ओंकार’ का चिन्ह यह संदेश देता है कि ईश्वर एक है और पूरी सृष्टि एक सूत्र में बंधी है। झांकी पर लिखा ‘हिंद दी चादर’ केवल शब्द नहीं हैं, बल्कि यह इतिहास की गाथा है। इसमें दिखाया गया है कि अत्याचार और अन्याय के सामने डटकर खड़े होने का साहस कैसे मानवता की रक्षा करता है। 

ट्रेलर हिस्से में रागी सिंहों द्वारा शब्द कीर्तन का दृश्य पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देता है। इसके पीछे सुशोभित खंडा सिख पंथ की ताकत, समर्पण और एकता का प्रतीक बनकर उभरता है। झांकी में गुरुद्वारा सीस गंज का मॉडल भी शामिल है। यह वही पवित्र स्थल है, जहां नौवें सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर साहिब ने मानवता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। इससे यह संदेश मिलता है कि सच्चाई और धर्म की रक्षा के लिए किसी भी कीमत पर खड़ा होना ही सच्ची वीरता है।

गणतंत्र दिवस 2026: पंजाब सरकार की झांकी में दिखेगी श्री गुरु तेग बहादुर साहिब की शहादत

धर्म और शहादत की प्रेरणा

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, "साइड पैनल में मती दास, सती दास और दयाला की शहादत को दर्शाया गया है। इन उदाहरणों से स्पष्ट होता है कि धर्म और सत्य की रक्षा के लिए जीवन भी छोटा पड़ जाता है।" पंजाब सरकार ने हाल ही में गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस को ऐतिहासिक रूप से मनाकर यह दिखाया कि यह सरकार सिख धर्म और उसके मूल्यों को केवल स्मरण नहीं करती, बल्कि उन्हें सक्रिय रूप से जीती है।

आनंदपुर साहिब में हुए कार्यक्रम, देश-विदेश से निकले नगर कीर्तन, और जैता स्मारक स्थल पर आयोजित विशेष विधानसभा सत्र इस बात का प्रमाण हैं कि मान सरकार की लीडरशिप दूरदर्शी और धर्मपरायण है। पंजाब की यह झांकी केवल राज्य का प्रतिनिधित्व नहीं करेगी, बल्कि पूरे देश के सामने पंजाब की आत्मा रखेगी। 

झांकी यह संदेश देती है कि भारत की शक्ति केवल हथियारों में नहीं, बल्कि त्याग, करुणा और मानव एकता में है। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि जब नेतृत्व ईमानदार और जनभावनाओं से जुड़ा हो, तो संस्कृति, इतिहास और आस्था तीनों का सम्मान एक साथ किया जा सकता है। 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर निकलने वाली यह झांकी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। 

यह दिखाएगी कि सच्चे बलिदान और मानवता के मूल्यों का पालन ही समाज को सशक्त और एकजुट बनाता है। सिख धर्म के शिक्षण और गुरु तेग बहादुर की शहादत के संदेश के साथ पंजाब सरकार की झांकी गणतंत्र दिवस की शोभा बढ़ाएगी और देशवासियों को सहिष्णुता, करुणा और मानवता की राह दिखाएगी।

Leave a comment