हापुड़ में प्रॉपर्टी डीलर अतुल तोमर हत्याकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तीनों शूटरों ने हत्या की बात कबूल की है और उनके पास से हथियार व कार बरामद हुई है।
हापुड़: अतुल तोमर मर्डर केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पिलखुवा क्षेत्र में देर रात हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने हत्या में शामिल तीन शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक हेड कांस्टेबल भी घायल हुआ है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की गई फायरिंग
शनिवार रात थाना पिलखुवा, हापुड़ नगर पुलिस और स्वाट टीम संयुक्त रूप से नेशनल हाईवे से डूरी मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार अर्बन क्रूजर कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
![]()
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों बदमाश घायल हो गए। मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल संदीप राठी को भी गोली लगी, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
छह दिन पहले हुई थी अतुल तोमर की हत्या
पुलिस के अनुसार करीब छह दिन पहले गालंद गांव के पूर्व प्रधान के बेटे और कारोबारी अतुल तोमर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बदमाशों ने उनकी कार रोककर छाती में गोली मारी थी, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
तीनों आरोपियों ने कबूला हत्या का जुर्म
एएसपी विनीत भटनागर के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवकुश निवासी गालंद तथा कपिल और गौरव निवासी मसूरी, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पूछताछ में तीनों ने अतुल तोमर की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल अर्बन क्रूजर कार, तीन अवैध तमंचे, आठ जिंदा कारतूस और पांच खोखा कारतूस बरामद किए हैं। अब पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और हत्या के पीछे की वजह की जांच में जुटी है।












