राजीव गांधी नगर थाना पुलिस और सीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई में हवाई फायरिंग करने वाले हिस्ट्रीशीटर भवानी सिंह को अवैध पिस्टल, कारतूस और वाहन के साथ गिरफ्तार किया। उसका एक साथी भी पकड़ा गया, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
Jodhpur: शनिवार को सीएसटी टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि डीपीएस चौराहा की ओर से एक सफेद बोलेरो कैंपर तेज रफ्तार में आ रही है, जिस पर आगे भारी लोहे का गार्ड और काले शीशे लगे हुए हैं। बताया गया कि वाहन में सवार बदमाश नाकाबंदी तोड़कर फरार होने की कोशिश कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया और शहर के प्रमुख मार्गों पर तत्काल नाकाबंदी के निर्देश जारी किए गए। राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रविन्द्र पाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीएसटी के साथ मिलकर संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया।
धर्मपुरा रोड पर तेज रफ्तार के कारण बोलेरो कैंपर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी बबूल की झाड़ियों में जा घुसी। हादसे के बाद वाहन में सवार दो लोग मौके से भाग निकले, जबकि मुख्य आरोपी भवानी सिंह को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी में मिले अवैध हथियार और जिंदा कारतूस
पुलिस ने मौके पर पकड़े गए आरोपी की तलाशी ली, जिसमें उसके पास से दो अवैध पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा राउंड बरामद किए गए। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो कैंपर को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी इन हथियारों के जरिए इलाके में दहशत फैलाने की फिराक में था।
इस कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग को भी पुलिस ने संरक्षण में लिया है, जिससे आगे पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
शादी समारोह में हवाई फायरिंग का वीडियो हो चुका है वायरल

गिरफ्तार आरोपी भवानी सिंह थाना बालेसर क्षेत्र का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह पूर्व में मारपीट, हत्या के प्रयास और अन्य संगीन मामलों में वांछित रह चुका है।
कुछ समय पहले बालेसर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हवाई फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस मामले में भी भवानी सिंह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल बन गया था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है और वह पहले भी कई बार कानून के शिकंजे में आ चुका है।
आरोपी का एक साथी भी गिरफ्तार
इस कार्रवाई में पुलिस ने भवानी सिंह के साथ उसके साथी राजेन्द्र सिंह पुत्र खोल सिंह, निवासी बेलवा खत्रीया को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार कहां से लाए गए और इनके पीछे कोई और नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार हुए अन्य आरोपियों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस का सख्त संदेश
राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने और सार्वजनिक स्थानों पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और आमजन की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है यदि कहीं भी किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले या कुछ असामान्य दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई हो सके।










