ब्रिटेन के मैनचेस्टर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला के इलेक्ट्रिक टूथब्रश में अचानक विस्फोट हो गया और बाथरूम में आग लग गई। इस हादसे में महिला बाल-बाल बच गई, लेकिन घटना के बाद इलेक्ट्रिक उपकरणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
World News: ब्रिटेन में एक महिला के इलेक्ट्रिक टूथब्रश में ब्लास्ट हो गया, जिससे आग लग गई। मैनचेस्टर की रहने वाली 33 वर्षीय चार्लोट बोवर्स ने आठ महीने पहले यह टूथब्रश खरीदा था। फरवरी 2026 में, जब वह सो रही थीं, तभी इसमें अचानक विस्फोट हुआ और यह अपने आप जलने लगा। विस्फोट के कारण आग लगी, लेकिन बाथरूम के शीशे के स्टील फ्रेम ने लपटों को और फैलने से रोक दिया। चार्लोट बोवर्स ने बताया कि वह खुद को काफी भाग्यशाली मानती हैं कि इस हादसे में उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह जीवित हैं।
सोते समय हुआ विस्फोट
चार्लोट के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब वह और उनके साथी घर में सो रहे थे। अचानक तेज आवाज और जलने की गंध आने पर उन्हें शक हुआ। जब वह बाथरूम में गईं तो देखा कि टूथब्रश फट चुका था और उसमें आग लगी हुई थी। उन्होंने बताया कि बाथरूम में लगे शीशे के स्टील फ्रेम ने आग को फैलने से रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
अगर आग कमरे में फैल जाती, तो जान का खतरा भी हो सकता था। चार्लोट ने कहा, मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानती हूं कि मैं जिंदा हूं। अगर आग थोड़ी और फैल जाती, तो परिणाम बहुत गंभीर हो सकते थे।

कंपनी को शिकायत, मुआवजे पर विवाद
महिला ने बताया कि यह इलेक्ट्रिक टूथब्रश Oral‑B कंपनी का था, जिसे उन्होंने करीब आठ महीने पहले खरीदा था। घटना के बाद उन्होंने कंपनी से संपर्क किया और नुकसान की जानकारी दी। चार्लोट का कहना है कि कंपनी ने उन्हें या तो लगभग 46 डॉलर का भुगतान करने या नया टूथब्रश देने की पेशकश की, जबकि इस घटना में उनका करीब 267 डॉलर का नुकसान हुआ।
उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि कंपनी इस मामले को गंभीरता से लेगी, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। घटना के बाद चार्लोट ने कहा कि वह अब कभी इलेक्ट्रिक टूथब्रश का इस्तेमाल नहीं करेंगी। उन्होंने बताया कि उन्होंने हमेशा ब्रश को सूखा रखा और चार्जिंग पर भी लंबे समय तक नहीं छोड़ा था।
उन्होंने कहा, मुझे विश्वास ही नहीं हुआ कि ऐसा भी हो सकता है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि टूथब्रश जैसी चीज भी फट सकती है। अब मैं भविष्य में ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल करने से पहले बहुत सावधान रहूंगी।









