इंदौर के एरोड्रम इलाके में बाइक टक्कर के विवाद में चार बदमाशों ने युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
Madhya Pradesh: इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र की शुभम पैलेस कॉलोनी में सोमवार देर रात एक छोटी नोकझोंक गंभीर घटना में बदल गई। संजय सिंह बेस अपने भांजे आरव सिंह बिष्ट और भाई तेजपाल सिंह रावत के साथ बाइक पर डी-मार्ट की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान कॉलोनी की गली के मोड़ पर शराब पी रहे दो युवकों से उनकी बाइक हल्की टकरा गई। इस टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई।
साथियों को बुलाकर किया जानलेवा हमला
विवाद बढ़ने पर संजय सिंह ने अपने भाई तेजपाल को फोन कर सूचना दी कि कुछ युवकों ने उन पर हमला किया। तेजपाल अपनी पत्नी के साथ जब पहुंचे, तो आरोपी घटना स्थल से जा चुके थे।
कुछ ही देर बाद आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ वापस लौटे और उन्होंने लोहे की रॉड, डंडों और पत्थरों से तीनों पर बेरहमी से हमला कर दिया। हमले में संजय सिंह को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके भांजे और भाई भी घायल हो गए।
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद परिजन घायलों को तुरंत मालवा अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान देर रात संजय सिंह बेस ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही एरोड्रम थाना प्रभारी तरुण सिंह भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर देर रात ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार मृतक संजय सिंह के पिता रिटायर्ड पुलिसकर्मी हैं और वर्तमान में जिला न्यायालय में मुंशी के पद पर कार्यरत हैं। संजय अविवाहित थे। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











