INDIA Bloc Meeting: सोनिया गांधी ने थपथपाई ममता की पीठ, SIR मुद्दे पर विपक्ष ने बनाई साझा रणनीति

INDIA Bloc Meeting: SIR मुद्दे पर विपक्षी दलों ने साझा रणनीति तैयार की। बैठक के दौरान सोनिया गांधी ने ममता बनर्जी का समर्थन किया, वहीं INDIA ब्लॉक ने 2 से 8

एसआईआर और वोट चोरी के मुद्दे पर विपक्ष की रणनीति तय करने के लिए बुधवार को इंडिया गठबंधन की अहम बैठक हुई। बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के तेवरों के बीच कांग्रेस संसदीय दल की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का समर्थन भी देखने को मिला।

नई दिल्ली: बुधवार को हुई INDIA ब्लॉक की बैठक के दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के बीच गर्मजोशी का एक पल चर्चा में रहा। बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब ममता बनर्जी चुनाव आयोग, SIR और विपक्षी अभियान से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रख रही थीं, तब सोनिया गांधी उनके समर्थन में सिर हिलाती और मेज थपथपाती नजर आईं। 

बाद में उन्होंने ममता की पीठ भी थपथपाई। इस घटना का वीडियो कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद दोनों नेताओं के बीच इस सार्वजनिक सौहार्द की चर्चा तेज हो गई।

ममता ने युवाओं और सिविल सोसाइटी से की अपील

बैठक के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता बनर्जी ने कहा कि विपक्ष चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर अपना अभियान जारी रखेगा। उन्होंने इस अभियान में छात्रों, युवाओं, महिलाओं, गैर-सरकारी संगठनों (NGO), सिविल सोसाइटी और पत्रकारों को भी शामिल होने की अपील की। ममता ने विपक्षी दलों की ओर से उठाए जा रहे वोटर लिस्ट और SIR से जुड़े सवालों का जिक्र करते हुए व्यापक जनभागीदारी की बात कही। उन्होंने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगा।

सोनिया गांधी ने जताया समर्थन

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सोनिया गांधी ममता बनर्जी के पास बैठी थीं। ममता के संबोधन के दौरान सोनिया मुस्कुराती हुई दिखाई दीं और कई मौकों पर सिर हिलाकर उनका समर्थन करती नजर आईं। उन्होंने मेज भी थपथपाई। इसके बाद सोनिया ने ममता की ओर झुककर उनकी पीठ थपथपाई। कांग्रेस की ओर से साझा किए गए वीडियो में दोनों नेताओं के बीच यह संवाद और सहजता दिखाई दी। 

कांग्रेस ने इस क्षण को नेताओं के बीच हौसला बढ़ाने वाले व्यवहार के तौर पर पेश किया। हालांकि कांग्रेस और TMC के बीच विभिन्न राज्यों, खासकर पश्चिम बंगाल की राजनीति में कई मुद्दों पर मतभेद रहे हैं, लेकिन सोनिया और ममता के बीच पहले भी सार्वजनिक रूप से गर्मजोशी देखने को मिल चुकी है।

पहले भी दिख चुकी है दोनों नेताओं की नजदीकी

सोनिया गांधी और ममता बनर्जी के बीच सार्वजनिक मुलाकातों के दौरान आपसी गर्मजोशी पहले भी सामने आती रही है। इससे पहले INDIA ब्लॉक की एक बैठक के दौरान दोनों नेताओं के गले मिलने की तस्वीरें सामने आई थीं। इसके बाद ममता बनर्जी ने सोनिया गांधी से अलग मुलाकात भी की थी। राजनीतिक स्तर पर कांग्रेस और TMC के बीच कई राज्यों में अलग-अलग रणनीतियां देखने को मिलती हैं। इसके बावजूद विपक्षी गठबंधन से जुड़े राष्ट्रीय मुद्दों पर दोनों दल कई मौकों पर एक साथ नजर आए हैं।

SIR के खिलाफ INDIA ब्लॉक की नई रणनीति

बुधवार की बैठक का मुख्य मुद्दा विशेष गहन पुनरीक्षण यानी Special Intensive Revision (SIR) और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर विपक्ष की आगे की रणनीति था। बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 2 से 8 अक्टूबर तक जिला स्तर पर 'Save Democracy' मार्च और प्रदर्शन आयोजित करने की जानकारी दी। विपक्षी सांसद 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक मार्च निकालने की योजना भी बना रहे हैं।

INDIA ब्लॉक के नेताओं ने चुनावी मतदाता सूची में पारदर्शिता और पात्र मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए हैं। विपक्षी दलों ने SIR को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराते हुए चुनावी प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता की मांग की है। दूसरी ओर, इन आरोपों पर सत्तारूढ़ BJP ने विपक्ष की आलोचना की है और चुनाव आयोग के कामकाज का समर्थन किया है।

Leave a comment