इंस्टाग्राम पर फेक करेंसी बेचने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार, सस्ते नोटों का झांसा देकर लाखों ठगे

इंस्टाग्राम पर फेक करेंसी बेचने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार, सस्ते नोटों का झांसा देकर लाखों ठगे

इंस्टाग्राम पर नकली नोट बेचने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड दिनेश कुमार मीणा को उनियारा पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके पास से मोबाइल बरामद हुआ है, जबकि चार अन्य आरोपी फरार हैं।

Rajasthan: उनियारा थाना पुलिस को 6 दिसंबर को सूचना मिली थी कि इंस्टाग्राम पर ‘Indian_Fake_Currency_17’ नाम की एक आईडी से लोगों को मैसेज भेजकर नकली नोट बेचने का ऑफर दिया जा रहा है। ठग यह दावा करते थे कि वे कम कीमत में बड़ी मात्रा में नकली भारतीय मुद्रा उपलब्ध करा सकते हैं। इस झांसे में आकर कई लोग उन्हें पैसे ट्रांसफर कर चुके थे, लेकिन बदले में न तो नकली नोट मिले और न ही संपर्क दोबारा हो पाया।

विशेष टीम बनाकर की गई कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक (SP) राजेश कुमार मीणा के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम ने सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल नंबर, ट्रांजैक्शन डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

ASP रतनलाल भार्गव और उनियारा DSP आकांक्षा कुमारी के सुपरविजन में थानाधिकारी कप्तान सिंह ने पूरी टीम के साथ सटीक रणनीति बनाकर मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई।

मास्टरमाइंड दिनेश मीणा गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी गिरोह के मास्टरमाइंड दिनेश कुमार मीणा (22) पुत्र कालूलाल मीणा, निवासी गांगली थाना उनियारा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसका इस्तेमाल वह ठगी की वारदातों में करता था।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए लोगों से संपर्क करता था और नकली नोट सस्ते दामों पर देने का झांसा देकर उनसे पैसे वसूलता था।

गिरोह के अन्य सदस्य अभी फरार

पूछताछ में इस साइबर ठगी गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह में शामिल दिलराज मीणा, शशिमोहन मीणा, आत्मराम और बबलू फिलहाल फरार हैं। ये सभी उनियारा क्षेत्र के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका 

इस कार्रवाई में उनियारा थानाधिकारी कप्तान सिंह के नेतृत्व में एएसआई रतनलाल, कॉन्स्टेबल केदार और कॉन्स्टेबल महेंद्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रेसिंग के जरिए आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए टीम ने लगातार मेहनत की।

वहीं, एसपी राजेश कुमार मीणा ने आमजन से अपील की कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले किसी भी लालच, सस्ते सौदे या अवैध ऑफर से सतर्क रहें। नकली नोटों का लेनदेन कानूनन गंभीर अपराध है। ऐसी किसी भी संदिग्ध आईडी या मैसेज की तुरंत पुलिस या साइबर सेल को सूचना दें।

Leave a comment