IPO: इस हफ्ते खुलेगा 6 कंपनियों का IPO, निवेशकों की नजर ₹3,825 करोड़ के इश्यू पर

IPO News: इस हफ्ते 6 कंपनियां अपना IPO लेकर आ रही हैं। करीब ₹3,825 करोड़ के इश्यू से निवेशकों के पास नए मौके होंगे। जानिए IPO की अहम तारीखें और डिटेल।

प्राइमरी मार्केट में इस हफ्ते भी काफी हलचल देखने को मिलेगी। कुल 6 मेनबोर्ड कंपनियां IPO के जरिए बाजार से करीब ₹3,825 करोड़ जुटाने की तैयारी में हैं। इनमें एलिवेट कैंपसेस और वर्मोरा ग्रैनिटो प्रमुख नाम हैं।

बिजनेस न्यूज़: भारतीय प्राइमरी मार्केट में सितंबर के आखिरी सप्ताह में एक बार फिर हलचल बढ़ने वाली है। इस सप्ताह छह कंपनियां आईपीओ के जरिए बाजार से कुल 3,825 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में हैं। इन कंपनियों में एलिवेट कैंपसेस, वर्मोरा ग्रैनिटो, ए-वन स्टील्स इंडिया, अरमी इन्फोटेक, स्वस्तिका इन्फ्रा और एड्रॉयट इंडस्ट्रीज (इंडिया) शामिल हैं।

इन कंपनियों के आईपीओ 22 से 28 सितंबर 2026 के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेंगे। ज्यादातर इश्यू 23 सितंबर को लॉन्च होने वाले हैं। निवेशकों की नजर इन आईपीओ के प्राइस बैंड, इश्यू साइज, नए शेयरों और ऑफर फॉर सेल (OFS) के हिस्से पर रहेगी।

एलिवेट कैंपसेस का ₹2,100 करोड़ का IPO

हिलहाउस इन्वेस्टमेंट के समर्थन वाली एलिवेट कैंपसेस 23 सितंबर को अपना आईपीओ लॉन्च करेगी। कंपनी ने इस इश्यू के लिए प्रति शेयर 343 से 362 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। कंपनी का लक्ष्य आईपीओ के माध्यम से 2,100 करोड़ रुपये जुटाना है। एलिवेट कैंपसेस का इश्यू 25 सितंबर को बंद होगा, जबकि शेयरों की लिस्टिंग 30 सितंबर को प्रस्तावित है। इस आईपीओ में पूरी तरह नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसमें ऑफर फॉर सेल के तहत किसी मौजूदा निवेशक या प्रमोटर की हिस्सेदारी बेचने का प्रावधान नहीं है।

वर्मोरा ग्रैनिटो IPO 22 सितंबर को खुलेगा

IPO: इस हफ्ते खुलेगा 6 कंपनियों का IPO, निवेशकों की नजर ₹3,825 करोड़ के इश्यू पर

वर्मोरा ग्रैनिटो का 708 करोड़ रुपये का आईपीओ 22 सितंबर से 24 सितंबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए उपलब्ध रहेगा। कंपनी ने शेयरों के लिए 140 से 148 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इश्यू में 320 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, कत्सुरा इन्वेस्टमेंट्स लगभग 388 करोड़ रुपये मूल्य के 2.62 करोड़ शेयरों को ऑफर फॉर सेल के माध्यम से बेच सकता है। इस तरह वर्मोरा ग्रैनिटो के इश्यू में फ्रेश इश्यू और OFS, दोनों हिस्से शामिल हैं।

ए-वन स्टील्स इंडिया का इश्यू 24 सितंबर से

इंटीग्रेटेड स्टील मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की कंपनी ए-वन स्टील्स इंडिया 24 सितंबर को अपना आईपीओ खोलने वाली है। यह इश्यू 28 सितंबर तक खुला रहेगा और कंपनी के जरिए 405 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य है। कंपनी ने आईपीओ के लिए 385 से 405 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड निर्धारित किया है। इसमें 355 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 50 करोड़ रुपये तक का हिस्सा ऑफर फॉर सेल के रूप में रखा गया है।

अरमी इन्फोटेक का ₹300 करोड़ का IPO

अरमी इन्फोटेक का आईपीओ 23 सितंबर को खुलेगा और 25 सितंबर को बंद होगा। कंपनी इस इश्यू के जरिए 300 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इसके लिए 350 से 375 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। अरमी इन्फोटेक के आईपीओ में केवल नए शेयर जारी किए जाएंगे। इश्यू में ऑफर फॉर सेल का हिस्सा शामिल नहीं है।

स्वस्तिका इन्फ्रा का 161 करोड़ रुपये का आईपीओ 23 से 25 सितंबर तक खुला रहेगा। कंपनी ने शेयरों का प्राइस बैंड 175 से 185 रुपये निर्धारित किया है।इसी दिन एड्रॉयट इंडस्ट्रीज (इंडिया) का आईपीओ भी सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। 151 करोड़ रुपये के इस इश्यू के लिए 126 से 134 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। एड्रॉयट इंडस्ट्रीज का आईपीओ भी 25 सितंबर को बंद होने वाला है।

Leave a comment