PNB और Canara Bank की FD ब्याज दरें बदलीं, नवंबर 2026 में किस बैंक में मिलेगा ज्यादा फायदा?

PNB और Canara Bank ने नवंबर 2026 में FD की ब्याज दरों में बदलाव किया है। जानें किस बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट पर ज्यादा रिटर्न मिलेगा और वरिष्ठ नागरिकों के

PNB और केनरा बैंक ने नवंबर 2026 में फिक्स्ड डिपॉजिट की ब्याज दरों में बदलाव किया है। केनरा बैंक आम ग्राहकों को 6.75% और वरिष्ठ नागरिकों को 7.25% तक ब्याज दे रहा है। वहीं PNB में अधिकतम दरें 6.60% और 7.10% हैं।

बिजनेस न्यूज़: अगर आप अपनी बचत को फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में जमा करने की सोच रहे हैं, तो पंजाब नेशनल बैंक और केनरा बैंक की नई ब्याज दरें जरूर देख लें। दोनों सरकारी बैंकों ने नवंबर की शुरुआत में अपनी FD दरों में बदलाव किया है। नई दरों के मुताबिक, सामान्य ग्राहकों को केनरा बैंक में अधिकतम 6.75 प्रतिशत और PNB में 6.60 प्रतिशत सालाना ब्याज मिल रहा है। हालांकि, पैसा कितने समय के लिए जमा करना है, यह तय करना भी जरूरी है।

केनरा बैंक ने 555 दिन की FD पर बढ़ाया ब्याज

केनरा बैंक ने 2 नवंबर 2026 से फिक्स्ड डिपॉजिट की नई ब्याज दरें लागू कर दी हैं। बैंक ने कुछ चुनिंदा अवधि की जमा योजनाओं पर ब्याज में 0.15 प्रतिशत अंक तक की बढ़ोतरी की है। सबसे ज्यादा फायदा 555 दिन की स्पेशल FD में मिल रहा है। इस योजना में सामान्य ग्राहकों को अब 6.75 प्रतिशत सालाना ब्याज दिया जा रहा है। पहले यह दर 6.60 प्रतिशत थी।

वहीं, 60 साल या उससे अधिक उम्र के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को इसी FD पर 7.25 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। पहले उनके लिए ब्याज दर 7.10 प्रतिशत थी। इसके अलावा केनरा बैंक की 444 दिन वाली FD पर सामान्य ग्राहकों को 6.65 प्रतिशत और वरिष्ठ नागरिकों को 7.15 प्रतिशत सालाना ब्याज मिल रहा है। अगर कोई ग्राहक दो साल से लेकर पांच साल से कम अवधि के लिए FD कराता है, तो उसे 6.25 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। वरिष्ठ नागरिकों के लिए इस अवधि में दर 6.75 प्रतिशत तय की गई है।

PNB में 444 दिन की FD पर सबसे ज्यादा ब्याज

पंजाब नेशनल बैंक ने 1 नवंबर 2026 से अपनी नई ब्याज दरें लागू की हैं। बैंक की 444 दिन की स्पेशल FD योजना सामान्य ग्राहकों के लिए सबसे अधिक ब्याज दे रही है। इस योजना में आम ग्राहकों को 6.60 प्रतिशत सालाना ब्याज मिलेगा। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों को 7.10 प्रतिशत की दर से ब्याज दिया जाएगा। PNB की 666 दिन की FD में सामान्य ग्राहकों के लिए ब्याज दर 6.50 प्रतिशत है। वरिष्ठ नागरिक इस अवधि में 7 प्रतिशत सालाना ब्याज प्राप्त कर सकते हैं।

अगर कोई व्यक्ति एक साल के लिए पैसा जमा करता है, तो उसे 6.25 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। इसी अवधि में वरिष्ठ नागरिकों के लिए ब्याज दर 6.75 प्रतिशत रखी गई है। बैंक की ये दरें 3 करोड़ रुपये से कम की घरेलू टर्म डिपॉजिट पर लागू हैं। हालांकि, 80 साल या उससे अधिक उम्र के सुपर सीनियर सिटीजन के लिए अतिरिक्त ब्याज का प्रावधान है। PNB की सामान्य 444 दिन वाली FD पर ऐसे ग्राहकों को 7.40 प्रतिशत सालाना ब्याज मिल सकता है।

PNB और Canara Bank की FD ब्याज दरें बदलीं, नवंबर 2026 में किस बैंक में मिलेगा ज्यादा फायदा?

PNB या केनरा बैंक, FD कराने पर कहां मिलेगा ज्यादा ब्याज?

FD में पैसा जमा कराने से पहले लोग यही देखते हैं कि किस बैंक में ज्यादा ब्याज मिल रहा है। अगर पंजाब नेशनल बैंक और केनरा बैंक की बात करें, तो फिलहाल केनरा बैंक की ब्याज दर कुछ ज्यादा है। यहां 555 दिन की FD कराने पर आम ग्राहकों को 6.75 फीसदी सालाना ब्याज मिल रहा है। वहीं, PNB में 444 दिन की FD पर 6.60 फीसदी ब्याज दिया जा रहा है। फर्क ज्यादा नहीं है, लेकिन दोनों बैंकों में पैसा जमा रखने का समय अलग है।

अब अगर आप सिर्फ 444 दिन के लिए FD कराना चाहते हैं, तो केनरा बैंक में 6.65 फीसदी ब्याज मिलेगा। इसी अवधि के लिए PNB की दर 6.60 फीसदी है। यानी दोनों में मामूली अंतर है। लेकिन 80 साल या उससे ज्यादा उम्र के लोगों के लिए PNB में अच्छी दर मिल रही है। बैंक ऐसे ग्राहकों को 444 दिन की FD पर 7.40 फीसदी ब्याज दे रहा है। केनरा बैंक में 555 दिन की सामान्य निकासी सुविधा वाली FD पर यह दर 7.35 फीसदी है। ऐसे में किस बैंक में पैसा रखना है, यह आपकी उम्र और जरूरत पर भी निर्भर करता है।

1 लाख रुपये की FD कराएं तो कितने पैसे मिलेंगे?

अगर आप केनरा बैंक में एक लाख रुपये जमा करते हैं और ब्याज दर 6.75 फीसदी है, तो साधारण ब्याज के हिसाब से एक साल में 6,750 रुपये बनेंगे। वरिष्ठ नागरिकों को 7.25 फीसदी की दर मिलने पर इसी रकम पर सालभर का साधारण ब्याज 7,250 रुपये होगा। हालांकि, केनरा बैंक की 6.75 फीसदी ब्याज वाली FD एक साल की नहीं, बल्कि 555 दिन की है। इसलिए पूरी अवधि तक पैसा जमा रखने पर ब्याज की रकम भी ज्यादा होगी। कितनी रकम मिलेगी, यह बैंक के ब्याज जोड़ने के तरीके से तय होगा।

कई लोग ऐसी FD कराते हैं, जिसमें ब्याज हर तीन महीने में जमा रकम के साथ जुड़ जाता है। इसके बाद अगली तिमाही में बढ़ी हुई रकम पर ब्याज मिलता है। इससे FD पूरी होने तक थोड़ी अतिरिक्त कमाई हो जाती है। वहीं, नियमित ब्याज लेने वाली FD का हिसाब अलग होता है।

Leave a comment