कल धनतेरस 2026 पर सोना खरीदने वालों के मन में सवाल था कि 2030 तक इसकी कीमत कितनी बढ़ सकती है। अलग-अलग रिपोर्टों में 10 ग्राम सोने का भाव 1.62 लाख से 2.60 लाख रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
बिजनेस न्यूज़: धनतेरस के मौके पर सोना खरीदना भारत में पुरानी परंपरा है। कुछ लोग गहने खरीदते हैं, तो कई लोग भविष्य की बचत के लिए सोने के सिक्के या बिस्किट लेते हैं। लेकिन अगर आपने 2026 में सोना खरीदा है, तो चार साल बाद इसकी कीमत कितनी हो सकती है? क्या 2030 तक 10 ग्राम सोना 2 लाख रुपये के पार पहुंच जाएगा? बाजार से जुड़ी कुछ रिपोर्टों में ऐसा अनुमान लगाया गया है। हालांकि, असली कीमत कई आर्थिक स्थितियों पर निर्भर करेगी।
2026 में कितनी है 10 ग्राम सोने की कीमत?
शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को धनतेरस के मौके पर सोने की खरीदारी हुई। देश में 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास रही। वहीं 22 कैरेट सोना लगभग 1.32 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर था। अलग-अलग शहरों और ज्वेलर्स के यहां कीमत में थोड़ा अंतर हो सकता है। इसके अलावा गहने खरीदने पर GST और मेकिंग चार्ज भी देना पड़ता है।
पिछले कुछ समय में सोने की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। इसके बावजूद लंबी अवधि के निवेश के लिए लोगों की दिलचस्पी बनी हुई है। ऐसे में सवाल उठता है कि आज करीब 1.44 लाख रुपये में मिलने वाला 10 ग्राम सोना 2030 तक कितना महंगा हो सकता है।
साल 2030 तक सोने का भाव कितना पहुंच सकता है?
सोने की कीमत आने वाले सालों में कितनी बढ़ेगी, इसको लेकर बाजार में कई तरह के अनुमान लगाए जा रहे हैं। कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि 2030 तक सोना आज के मुकाबले काफी महंगा हो सकता है। निवेश प्लेटफॉर्म Lemonn ने 1 अक्टूबर 2026 को अपनी एक रिपोर्ट में बताया था कि साल 2030 तक भारत में 24 कैरेट सोने का भाव 1 लाख 62 हजार रुपये से लेकर 2 लाख 60 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है।
वहीं, PrimeXBT ने भी सोने की कीमत बढ़ने का अनुमान लगाया है। इसकी रिपोर्ट के मुताबिक, 2030 में 10 ग्राम सोने का भाव करीब 2 लाख 11 हजार 400 रुपये तक पहुंच सकता है। रिपोर्ट में सोने की संभावित कीमत 1 लाख 43 हजार रुपये से 2 लाख 80 हजार रुपये के बीच भी बताई गई है। हालांकि, ये सिर्फ अनुमान हैं। जरूरी नहीं कि चार साल बाद सोना इसी कीमत पर बिके।
बाजार में हालात बदलते रहते हैं। डॉलर की कीमत, ब्याज दरों और दुनिया में होने वाली बड़ी घटनाओं का असर भी सोने के भाव पर पड़ता है। ऐसे में कीमत बढ़ भी सकती है और घट भी सकती है।
![]()
अभी 10 ग्राम सोना खरीदा तो 2030 में कितना फायदा होगा?
मान लीजिए आपने नवंबर 2026 में 24 कैरेट का 10 ग्राम सोना 1 लाख 44 हजार रुपये में खरीदा। अब अगर 2030 तक इसका भाव बढ़कर 1 लाख 62 हजार रुपये हो जाता है, तो आपके सोने की कीमत 18 हजार रुपये बढ़ जाएगी। यानी चार साल में करीब 12.5 प्रतिशत का कुल फायदा होगा। अगर सोने का भाव 2 लाख 11 हजार 400 रुपये तक पहुंच गया, तो आपका 10 ग्राम सोना खरीद के मुकाबले 67 हजार 400 रुपये ज्यादा कीमत का हो जाएगा। इस हिसाब से करीब 46.8 प्रतिशत का फायदा होगा।
वहीं, अगर 2030 में सोना 2 लाख 60 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंचता है, तो आपके खरीदे हुए सोने की कीमत 1 लाख 16 हजार रुपये बढ़ जाएगी। यानी कुल बढ़ोतरी करीब 80.6 प्रतिशत होगी। लेकिन यहां एक बात समझना जरूरी है। यह हिसाब सिर्फ सोने की खरीद और बाद की बाजार कीमत के अंतर पर लगाया गया है। इसमें GST, गहने बनवाने का खर्च और बेचते समय कटने वाली रकम शामिल नहीं है। इसलिए असल में मिलने वाला फायदा इससे कम हो सकता है।
एक लाख रुपये का सोना चार साल बाद कितने का होगा?
अगर आप आज एक लाख रुपये का सोना खरीदते हैं और चार साल बाद उसका भाव 50 प्रतिशत बढ़ जाता है, तो आपके सोने की कीमत डेढ़ लाख रुपये हो जाएगी। मतलब एक लाख रुपये लगाने पर 50 हजार रुपये की बढ़ोतरी होगी। इसी तरह आपने दो लाख रुपये का सोना खरीदा और उसकी कीमत 50 प्रतिशत बढ़ गई, तो चार साल बाद उसकी बाजार कीमत तीन लाख रुपये हो जाएगी।
लेकिन सोने का भाव हर बार बढ़े, ऐसा जरूरी नहीं है। मान लीजिए आपने एक लाख रुपये का सोना खरीदा और कुछ साल बाद उसकी कीमत 10 प्रतिशत गिर गई। तब उसी सोने की बाजार कीमत घटकर 90 हजार रुपये रह जाएगी।










