इटारसी-पथरोटा मार्ग पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार नहर में गिरी, तीन युवकों की मौत

इटारसी-पथरोटा मार्ग पर तेज रफ्तार कार नहर में गिरी। तीन युवक मृत पाए गए। ढाई घंटे तक चला एसडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन।
इटारसी-पथरोटा मार्ग पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार नहर में गिरी, तीन युवकों की मौत

इटारसी–पथरोटा मार्ग पर तेज रफ्तार कार नहर में गिरने से तीन युवकों की मौत हो गई। युवक बाहर निकलने की कोशिश करते रहे, लेकिन सफल नहीं हो सके। ढाई घंटे बाद एसडीआरएफ ने कार बाहर निकाली।

Madhya Pradesh: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रे रंग की कार इटारसी की ओर से पथरोटा की तरफ जा रही थी। जब कार पथरोटा की बड़ी नहर के पुल पर पहुंची, तो अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। तेज रफ्तार होने के कारण कार सीधे पुल की रेलिंग से टकराई और उसे तोड़ते हुए नहर में जा गिरी।

नहर में उस समय पानी का बहाव तेज था। कार गिरते ही कुछ ही पलों में गहरे पानी में डूबने लगी। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही कार पानी में समा चुकी थी।

कार में फंसे युवक

एसडीआरएफ की प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया कि कार सवार युवक आखिरी समय तक खुद को बचाने की कोशिश करते रहे। उन्होंने शीशे खोलने और बाहर निकलने का प्रयास किया। कार के अंदर से मदद के लिए आवाजें भी आईं, लेकिन वाहन लॉक हो जाने और पानी के तेज बहाव के कारण वे बाहर नहीं निकल सके।

हादसे के तुरंत बाद एक स्थानीय युवक ने साहस दिखाते हुए नहर में छलांग लगाई और कार तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वह भी असफल रहा।

ढाई घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

इटारसी-पथरोटा मार्ग पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार नहर में गिरी, तीन युवकों की मौत

घटना की सूचना मिलते ही इटारसी और पथरोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को गंभीर देखते हुए नर्मदापुरम से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। रात के अंधेरे और तेज बहाव के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन और अन्य उपकरणों की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला गया। जब कार के दरवाजे खोले गए, तो अंदर तीनों युवक मृत अवस्था में पाए गए। कार के शीशों पर बाहर निकलने के प्रयास के निशान भी मिले, जिससे साफ है कि युवक अंत तक संघर्ष करते रहे।

मृतकों की पहचान 

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान हो चुकी है। कार चला रहा युवक रैसलपुर निवासी लकी पटेल (30) था। उसके साथ खीर पानी निवासी शिवम तिवारी (26) और जय प्रकाश नगर, पुरानी इटारसी निवासी अभय उर्फ अभि चौहान (19) सवार थे। परिजनों के अनुसार, तीनों युवक सिवनी मालवा गए थे और देर रात वापस लौट रहे थे। 

शिवम तिवारी के पिता महेश तिवारी ने बताया कि उन्हें सुबह करीब छह बजे हादसे की सूचना मिली। उस समय वे एक शादी समारोह में मौजूद थे। अभि चौहान के पिता राकेश चौहान ने बताया कि रात में बेटे से फोन पर बात हुई थी। उसने बताया था कि वह लौट रहा है। मां ने उससे खाने के बारे में पूछा था। इसके बाद मोबाइल बंद हो गया। सुबह हादसे की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अभि परिवार का इकलौता बेटा था।

पुलिस जांच में जुटी

लकी पटेल के परिवार पर यह हादसा बड़ा सदमा बनकर टूटा है। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि कुछ साल पहले बड़े भाई की नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई थी। घर में दो बहनें हैं, जिनमें एक विवाहित है। 

हादसे के समय लकी की मां वैष्णो देवी की यात्रा पर थीं। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस कार की तकनीकी स्थिति और अन्य कारणों की भी पड़ताल कर रही है। 

Leave a comment