भोपाल में युवतियों पर कटर से हमले के आरोपी ने पूछताछ के दौरान निजी संबंधों में तनाव, पारिवारिक परेशानियों और शराब की आदत को कारण बताया। पुलिस ने 40 टीमों के अभियान के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
Madhya Pradesh: पुलिस पूछताछ में सुरेंद्र अहिरवार ने बताया कि जिस महिला से उसने प्यार किया, उसी ने उसे अपने भाइयों से पिटवाया और थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई। इसके बाद उसकी शादी हुई, लेकिन वैवाहिक जीवन भी तनावपूर्ण रहा।
आरोपी के मुताबिक उसकी पत्नी उसके साथ मारपीट करती थी, गालियां देती थी और बच्चों के सामने उसका अपमान करती थी। आए दिन के झगड़ों और मानसिक प्रताड़ना ने उसे अंदर से तोड़ दिया। इसी तनाव और गुस्से ने धीरे-धीरे महिलाओं के प्रति नफरत का रूप ले लिया।
29 जनवरी की रात चार युवतियों पर हमला
29 जनवरी की रात भोपाल में आरोपी ने लगातार चार अलग-अलग जगहों पर राह चलती युवतियों को कटर से हमला कर घायल कर दिया। उसने बी-सेक्टर सोनागिरी, ए-सेक्टर सोनागिरी, पिपलानी और नरेला जोड़ा इलाके में वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी बाइक से चलता था, पहले अश्लील टिप्पणियां करता और विरोध करने पर कटर से हमला कर देता था। इन घटनाओं से शहर में दहशत फैल गई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया।
पुरानी आपराधिक प्रवृत्ति और पहले भी कर चुका है हमले
पूछताछ में सामने आया कि सुरेंद्र पहली बार इस तरह की वारदात नहीं कर रहा था। उसने स्वीकार किया कि साल 2014 में सागर जिले में भी उसने पांच युवतियों पर कटर से हमला किया था।
![]()
इसके बाद वह मजदूरी करने लगा और राहतगढ़ चला गया। वहां एक दोस्त के साथ काम करने के दौरान पैसों को लेकर विवाद हुआ और उसने कटर से उसका गला रेतने की कोशिश की। दोस्त बच गया और सुरेंद्र भोपाल आकर छिप गया। पुलिस उस समय तक उसे पकड़ नहीं सकी, जिससे उसका हौसला और बढ़ गया।
चोरी की बाइक से वारदात
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी शराब का आदी है और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कंटेंट देखने का लती है। उसके मोबाइल से चार पोर्न फिल्में मिलीं और सर्च हिस्ट्री में कई बार पोर्न साइट्स देखने के सबूत पाए गए।
घटना के दिन पत्नी से झगड़े के बाद वह दिनभर शराब पीता रहा। रात होते ही चोरी की बाइक लेकर बाहर निकला और वारदात को अंजाम दिया। आरोपी का कहना है कि हमला करने से उसे मानसिक संतुष्टि मिलती थी।
40 टीमें, 900 कैमरे और 600 बदमाशों से पूछताछ
आरोपी को पकड़ने के लिए भोपाल पुलिस ने बड़े स्तर पर ऑपरेशन चलाया। करीब 40 टीमें गठित की गईं, 900 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई और लगभग 600 पुराने बदमाशों से पूछताछ की गई।
फुटेज के आधार पर पांच किलोमीटर से ज्यादा का रूट मैप तैयार किया गया। आरोपी की फोटो सोशल मीडिया और सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा की गई। उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया।
जंगल की ओर भागा
4 फरवरी की रात आरोपी अयोध्या बायपास क्षेत्र में नजर आया। पुलिस को देखते ही वह जंगल की ओर भागा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। उसके पास से कटर और चोरी की बाइक बरामद हुई।
आरोपी का असली नाम देवेंद्र अहिरवार (37) है। वह करोंद इलाके में पत्नी और बच्चों के साथ रहकर मजदूरी का काम करता था। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है और फिलहाल रिमांड पर पूछताछ जारी है।













