पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर चंद्रशेखर आजाद का तीखा हमला, बोले- ‘यह कानून नहीं, सत्ता का अहंकार...’

सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर चंद्रशेखर आजाद ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा यह कार्रवाई कानून नहीं, बल्कि सत्ता का अहंकार है। जानिए पूरा विवाद
पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर चंद्रशेखर आजाद का तीखा हमला, बोले- ‘यह कानून नहीं, सत्ता का अहंकार...’

बिहार के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और यूपी की नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

लखनऊ: बिहार के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। उनकी गिरफ्तारी पर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बिहार की एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए इसे “डर, दमन और बदले की राजनीति” करार दिया। आजाद ने कहा कि यह कार्रवाई कानून के शासन का नहीं, बल्कि सत्ता के अहंकार का प्रतीक है।

चंद्रशेखर आजाद का तीखा बयान

चंद्रशेखर आजाद ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर हमला बोला। उन्होंने लिखा कि आधी रात को एक लोकप्रिय सांसद की गिरफ्तारी सरकार की असुरक्षा और तानाशाही मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, रात के अंधेरे में पूर्णिया के लोकप्रिय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी बिहार की एनडीए सरकार की डर, दमन और बदले की राजनीति का खुला ऐलान है।

उन्होंने आगे लिखा, जो सत्ता जनता के सवालों से घबरा जाती है, वही सत्ता आधी रात को जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाती है। यह कानून का राज नहीं, बल्कि सत्ता का अहंकार है। आजाद ने यह भी कहा कि बीमारी के बावजूद एक जननेता के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई सरकार की संवेदनहीनता और क्रूर मानसिकता को उजागर करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि “तानाशाही के खिलाफ यह लड़ाई और तेज होगी।

पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर चंद्रशेखर आजाद का तीखा हमला, बोले- ‘यह कानून नहीं, सत्ता का अहंकार...’

देर रात हुई गिरफ्तारी, समर्थकों का हंगामा

यह पूरा घटनाक्रम शुक्रवार देर रात का है, जब बिहार पुलिस ने पटना स्थित पप्पू यादव के आवास पर छापा मारा और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 1995 के एक पुराने धोखाधड़ी मामले में की गई, जिसमें उन पर मकान किराए पर लेने में अनियमितता का आरोप है। बताया जा रहा है कि इस मामले में पहले ही उनकी जमानत याचिका खारिज हो चुकी थी, जिसके बाद पुलिस ने यह कदम उठाया।

जैसे ही पुलिस उनके आवास पर पहुंची, बड़ी संख्या में उनके समर्थक वहां जमा हो गए। स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस व समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कुछ जगहों पर धक्का-मुक्की की भी खबरें आईं। काफी देर तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद करीब रात 12 बजे पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

मामला क्या है?

यह मामला 1995 का है, जब पटना के गर्दनीबाग थाने में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि पप्पू यादव और उनके सहयोगियों ने धोखाधड़ी कर मकान किराए पर लिया और बाद में उसे सांसद कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया, जबकि किराए पर लेते समय यह जानकारी नहीं दी गई थी। लंबे समय तक सुनवाई में पेश न होने के कारण अदालत ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया था और हाल ही में कुर्की-जब्ती का आदेश भी दिया गया था।

पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद विपक्षी नेताओं और सामाजिक संगठनों की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। चंद्रशेखर आजाद के अलावा कई अन्य नेताओं ने भी इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताया है। समर्थकों का कहना है कि यह कदम लोकतंत्र को कमजोर करने और जनता की आवाज दबाने की कोशिश है। वहीं, सत्तारूढ़ गठबंधन का कहना है कि यह पूरी तरह कानूनी कार्रवाई है और इसमें राजनीति नहीं होनी चाहिए।

Leave a comment