जैश के पोस्टर से खुली साजिश! मौलवी इरफान ने डॉक्टरों को बनाया था आतंकी

जांच में खुलासा: शोपियां का मौलवी इरफान अहमद ने डॉक्टरों को ब्रेनवॉश कर दिल्ली धमाके और फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से जोड़ा। जांच में खुलासा: शोपियां का मौलवी इरफान
जैश के पोस्टर से खुली साजिश! मौलवी इरफान ने डॉक्टरों को बनाया था आतंकी

दिल्ली धमाके और फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल के पीछे की साजिश का मास्टरमाइंड अब सामने आ गया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, शोपियां का मौलवी इरफान अहमद ही वह शख्स है जिसने डॉक्टरों को ब्रेनवॉश कर आतंकी नेटवर्क से जोड़ा। इरफान ने मेडिकल पेशे से जुड़े युवाओं को जिहाद के रास्ते पर धकेल दिया था।

नई दिल्ली: लाल किला धमाके और फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों के अनुसार, शोपियां निवासी मौलवी इरफान अहमद इस पूरी आतंकी साजिश का मास्टरमाइंड है। श्रीनगर के सरकारी मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल स्टाफ रहे इरफान ने वहीं पढ़ने वाले डॉक्टरों को अपने जाल में फंसाया। 

उसने अनंतनाग और पुलवामा के डॉ. आदिल अहमद और डॉ. उमर को जैश-ए-मोहम्मद से जोड़ा, जिनकी मदद से डॉ. मुजम्मिल और शाहीन भी मॉड्यूल का हिस्सा बने। सूत्रों के अनुसार, श्रीनगर में लगाए गए जैश के पोस्टरों से इरफान का नाम सामने आया। पोस्टर लगाने वालों की गिरफ्तारी के बाद उसका राज खुला। 

जैश के पोस्टर से खुली आतंकी मॉड्यूल की कड़ी

16 अक्टूबर को श्रीनगर में लगे जैश-ए-मोहम्मद के पोस्टर से देश की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। इसी पोस्टर से मौलवी इरफान अहमद और उसके शागिर्द डॉ. आदिल अहमद का सुराग मिला, जिससे फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल की साजिश का खुलासा हुआ। जांच आगे बढ़ी तो अनंतनाग और पुलवामा में संदिग्धों की धरपकड़ की गई। सर्विलांस ऑपरेशन के दौरान डॉ. आदिल को पकड़ा गया, जिसके बैंक लॉकर से एके-47 राइफल बरामद हुई। पूछताछ में उसने डॉ. मुजम्मिल और फरीदाबाद स्थित ठिकानों पर छिपाए गए विस्फोटकों के जखीरे का राज खोला।

वीडियो से करता था ब्रेनवॉश

फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल की तह तक पहुंचने पर जांच एजेंसियों को पता चला कि पूरी साजिश का मास्टरमाइंड शोपियां का मौलवी इरफान अहमद था। जैश-ए-मोहम्मद से संबंध रखने वाला इरफान मेडिकल छात्रों को जिहादी वीडियो दिखाकर कट्टरपंथ की राह पर ले जाता था। वह धार्मिक शिक्षा के बहाने युवाओं से संपर्क बनाता और धीरे-धीरे उन्हें अपने नेटवर्क में शामिल कर लेता था।

अफगान कनेक्शन से चलाता था नेटवर्क

जैश के पोस्टर से खुली साजिश! मौलवी इरफान ने डॉक्टरों को बनाया था आतंकी

सूत्रों के मुताबिक, इरफान VOIP कॉल के जरिए अफगानिस्तान में बैठे अपने हैंडलर्स से लगातार संपर्क में रहता था। उसके निर्देश पर डॉ. मुजम्मिल और डॉ. उमर इस नेटवर्क को देश के अलग-अलग हिस्सों में फैलाने का काम कर रहे थे। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि दिल्ली धमाके के बाद जब फरीदाबाद मॉड्यूल बेनकाब हुआ, तो घबराहट में उमर ने लाल किला के पास धमाका कर दिया।

शाहीन सईद पर धन जुटाने का आरोप

जांच में एक और अहम नाम सामने आया है—लखनऊ की डॉ. शाहीन सईद का। सूत्रों का दावा है कि शाहीन इस आतंकी मॉड्यूल की फाइनेंसर थी और गुप्त रूप से फंडिंग के लिए हवाला चैनलों का इस्तेमाल करती थी। उसने डॉक्टरों के नेटवर्क को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई।

आतंकी मॉड्यूल से जुड़े डॉक्टरों की शरणस्थली

दिल्ली धमाके और फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल की जांच में अल फलाह यूनिवर्सिटी का नाम सामने आने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, आतंकी नेटवर्क से जुड़े डॉ. मुजम्मिल, डॉ. उमर नबी और डॉ. शाहीन का सीधा संबंध इसी यूनिवर्सिटी से है। चौंकाने वाली बात यह है कि कश्मीर में जिहादी गतिविधियों के आरोप में बर्खास्त डॉ. नासिर और अनुशासनहीनता के कारण हटाए गए डॉ. उमर को भी अल फलाह में नौकरी मिली थी। एजेंसियां अब संस्थान में संदिग्ध नियुक्तियों की गहराई से जांच कर रही हैं।

जांच एजेंसियों ने बढ़ाई निगरानी

एनआईए और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शाहीन की फाइनेंशियल ट्रेल की जांच शुरू कर दी है। एजेंसियों को संदेह है कि फंडिंग का कुछ हिस्सा विदेशों से भी आया था। जांचकर्ता अब इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि शाहीन और इरफान के बीच कितनी बार संपर्क हुआ और किस माध्यम से यह आतंकी वित्तीय लेनदेन हुआ।

Leave a comment