जालंधर के मॉडल टाउन में ताबड़तोड़ फायरिंग, AAP नेता लक्की ओबेरॉय की मौत

जालंधर के मॉडल टाउन में AAP नेता लक्की ओबेरॉय की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या। गुरुद्वारे के बाहर कार में बैठे थे, हमलावर फरार, इलाके में दहशत।

पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबेरॉय की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। गुरुद्वारे के बाहर कार में बैठे ओबेरॉय पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।

चंडीगढ़: पंजाब के जालंधर से एक बड़ी और सनसनीखेज घटना सामने आई है। आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबेरॉय की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई। हमलावरों ने लक्की ओबेरॉय पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गुरुद्वारे के बाहर कार में बैठे थे लक्की

जानकारी के अनुसार, लक्की ओबेरॉय रोजाना की तरह सुबह करीब 8 बजकर 15 मिनट पर गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकने पहुंचे थे। दर्शन के बाद वह गुरुद्वारे के बाहर अपनी कार में बैठे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावर अचानक वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुई इस फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

शरीर में लगीं पांच गोलियां

हमले में लक्की ओबेरॉय के शरीर में करीब पांच गोलियां लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ गोलियां उनकी छाती और सिर में लगी थीं। हमलावरों ने उनकी कार को भी निशाना बनाया, जिससे गाड़ी के शीशे पूरी तरह टूट गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

गोलीबारी के बाद लक्की ओबेरॉय को तुरंत नजदीकी प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अधिक खून बहने और गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।

हमलावरों ने बेहद नजदीक से की फायरिंग

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमलावर बेहद नजदीक से फायरिंग कर रहे थे। बताया जा रहा है कि 7 से 8 राउंड गोलियां चलाई गईं। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। कुछ शुरुआती जानकारी में कहा गया कि हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे, जबकि कुछ रिपोर्ट्स में थार गाड़ी का भी जिक्र किया गया है। पुलिस इन दोनों पहलुओं की जांच कर रही है।

मौके पर पहुंची पुलिस और जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही जालंधर पुलिस और इन्वेस्टिगेशन टीम मौके पर पहुंच गई। एसपी स्तर के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पूरे इलाके को सील कर दिया गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर ली जाएगी।

पहले भी पंजाब में हो चुकी हैं ऐसी हत्याएं

यह पहली बार नहीं है जब पंजाब में किसी प्रमुख व्यक्ति की इस तरह गोली मारकर हत्या हुई हो। इससे पहले मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की भी कार में बैठे-बैठे गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। उस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। लक्की ओबेरॉय की हत्या ने एक बार फिर पंजाब की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लक्की ओबेरॉय जालंधर के मॉडल टाउन इलाके के रहने वाले थे। वह आम आदमी पार्टी के सक्रिय और युवा स्थानीय नेता थे। इलाके में वह कई सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों को लेकर सक्रिय रहते थे। लोगों की समस्याओं को मौके पर सुलझाने के कारण उनकी स्थानीय स्तर पर अच्छी पहचान थी। पार्टी के भीतर भी उन्हें एक जमीनी नेता के रूप में देखा जाता था।

पत्नी ने लड़ा था निगम चुनाव

लक्की ओबेरॉय की पत्नी ने भी आम आदमी पार्टी की तरफ से नगर निगम चुनाव लड़ा था। हालांकि वह चुनाव जीत नहीं पाई थीं। इसके बावजूद ओबेरॉय परिवार पार्टी गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहा। लक्की, कैंट हल्का की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाडा के करीबी माने जाते थे।

पार्टी नेताओं की प्रतिक्रिया

इस घटना पर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने गहरा दुख जताया है। AAP नेता गुरचरण सिंह चन्नी ने कहा कि लक्की हमारी ही पार्टी का नेता था। अभी हमें जानकारी मिली है कि उस पर कई राउंड फायर किए गए। यह बेहद दुखद और चिंताजनक घटना है। पार्टी ने सरकार से दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

पुलिस कंट्रोल रूम को मिली थी सूचना

जालंधर पुलिस के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना मिली थी कि मॉडल टाउन इलाके में एक गाड़ी पर गोलियां चलाई गई हैं। इसके बाद तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। व्यक्तिगत रंजिश, राजनीतिक विवाद और अन्य एंगल्स से जांच की जा रही है।

Leave a comment